Cyber Fraud News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया. यह कॉल सेंटर अमेरिकन नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी करता था. मामले में अब तक 35 से ज्यादा आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं.
जानकारी के मुताबिक, यह फर्जी कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र के पास स्थित पिथलिया कॉम्प्लेक्स की दूसरी और तीसरी मंजिल में संचालित किया जा रहा था. आरोपी एक फाइनेंस कंपनी की आड़ में इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे. खास बात यह है कि कॉल सेंटर रात के समय ऑपरेट होता था, ताकि अमेरिका के समय के अनुसार वहां के नागरिकों को कॉल कर उन्हें झांसे में लिया जा सके.
पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बैंक या वित्तीय संस्थाओं के अधिकारी बताकर अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करते थे और उन्हें विभिन्न तरह के ऑफर या डर दिखाकर ठगी को अंजाम देते थे. इस दौरान वे लोगों से उनकी निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल कर पैसे ट्रांसफर करा लेते थे. मामले को लेकर सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर कॉल सेंटर को पकड़ा और बड़ी संख्या में आरोपियों को हिरासत में लिया. फिलहाल, डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
यह भी पढ़ें- मालिक की गिरफ्तारी के बाद भी जारी है जय श्री गायत्री फूड का 'गोरखधंधा', फैक्टरी पर ताला बंद पर धंधा है चालू
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में गुजरात और उत्तर प्रदेश के साथ दूसरे राज्य के लोग भी शामिल हैं, जो तकनीकी और ऑपरेशनल काम संभाल रहे थे. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि अब तक कितने अमेरिकी नागरिक इस ठगी के शिकार हुए हैं और इनसे कुल कितनी रकम की धोखाधड़ी की गई. अधिकारियों का कहना है कि यह जांच लंबी चल सकती है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- धमकी भरे ई‑मेल से मचा हड़कंप; MP में पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों को उड़ाने की चेतावनी से हड़कंप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं