विज्ञापन

छत्तीसगढ़ में ट्विशा जैसा मामला! 4 दिन बाद कब्र से निकला शव, मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरबा में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. चार दिन बाद कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया. मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं.

छत्तीसगढ़ में ट्विशा जैसा मामला! 4 दिन बाद कब्र से निकला शव, मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

Chhattisgarh Dowry Death Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. एक विवाहिता की मौत के चार दिन बाद जब उसका शव कब्र से निकलवाया गया, तो मामला और गहरा गया. परिजनों ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या तक के गंभीर आरोप लगाए हैं. अब सवाल यह है कि विनीता की मौत प्राकृतिक थी, आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी है.

नानक राजपुत की रिपोर्ट...

उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भलपहरी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ कब्रिस्तान पहुंची. तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में विवाहिता विनीता का शव कब्र से बाहर निकाला गया. कड़ी धूप में चली इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए. शुरुआत में ससुराल पक्ष की ओर से विरोध भी हुआ, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद प्रक्रिया पूरी कराई.

दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप

मृतिका के मायके वालों ने पति मुकेश पाटले, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शादी के बाद से ही विनीता को दहेज के लिए परेशान किया जाता था. आए दिन मारपीट और गाली-गलौज होती थी, और कई बार उसे घर से निकाल दिया जाता था. हर बार मायके आने के बाद समझौता कर उसे वापस भेज दिया जाता था.

पहले भी जान लेने की कोशिश का दावा

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतिका की मां ने कहा कि कुछ समय पहले विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश भी की गई थी. परिवार का आरोप है कि हाल ही में पति कुछ लोगों को पंच-सरपंच बताकर लाया था, लेकिन बाद में वे रिश्तेदार निकले. इसे लेकर भी साजिश की आशंका जताई जा रही है.

शव पर चोट के निशान से बढ़ा शक

परिजनों का दावा है कि जब विनीता के शव को अंतिम संस्कार से पहले नहलाया गया, तो उसके शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए. उन्होंने यह भी कहा कि नाक और मुंह से खून निकल रहा था. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर मौत सामान्य थी, तो बिना पोस्टमार्टम इतनी जल्दी शव को दफनाने की क्या जरूरत थी.

अचानक मौत पर उठे सवाल

मृतिका की बहन का कहना है कि कुछ दिन पहले तक विनीता पूरी तरह स्वस्थ थी. वह एक शादी समारोह में शामिल हुई थी और खुशी से डांस भी कर रही थी. ऐसे में अचानक उसकी मौत होना कई सवाल खड़े करता है. परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मामले को छिपाने की कोशिश की और पोस्टमार्टम से बचता रहा.

पति के जवाबों से नहीं मिटा संदेह

जब पति मुकेश पाटले से इस मामले में सवाल किए गए, तो वह कैमरे के सामने स्पष्ट जवाब देने से बचता नजर आया. उसने आरोपों को खारिज जरूर किया, लेकिन यह नहीं बता सका कि विनीता बार-बार मायके क्यों जाती थी और दोनों परिवारों के बीच तनाव क्यों था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर

फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर लिया है और फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी गई है. उरगा पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी. अब पूरे मामले का सच पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगा, जिससे यह साफ हो सकेगा कि यह एक सामान्य मौत थी, आत्महत्या या फिर साजिश और प्रताड़ना की दर्दनाक कहानी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhattisgarh Dowry Death Case, Korba Woman Death Mystery, Body Exhumed After 4 Days India, Twisha Sharma Like Case, Dowry Harassment Case India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com