विज्ञापन

BSF भर्ती में फर्जीवाड़ा: 50 हजार में सॉल्वर ने दी परीक्षा, कॉन्स्टेबल की ट्रेनिंग; बायोमेट्रिक जांच में फंसा

BSF भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. जबलपुर के युवक ने कथित तौर पर सॉल्वर से SSC परीक्षा और मेडिकल टेस्ट दिलवाकर कॉन्स्टेबल की नौकरी हासिल की. 12 दिन की ट्रेनिंग के बाद पकड़ा गया.

BSF भर्ती में फर्जीवाड़ा: 50 हजार में सॉल्वर ने दी परीक्षा, कॉन्स्टेबल की ट्रेनिंग; बायोमेट्रिक जांच में फंसा
BSF भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा: सॉल्वर से परीक्षा पास कर बना कॉन्स्टेबल, 12 दिन ट्रेनिंग के बाद पकड़ा गया
(फाइल फोटो : BSF ACADEMY)

BSF Recruitment Scam: देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाली सीमा सुरक्षा बल (BSF) की भर्ती प्रक्रिया में एक चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है. मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी एक युवक ने कथित तौर पर सॉल्वर की मदद से SSC परीक्षा और मेडिकल टेस्ट पास कर BSF में कॉन्स्टेबल की नौकरी हासिल कर ली. नियुक्ति मिलने के बाद वह बेंगलुरु स्थित BSF ट्रेनिंग सेंटर पहुंचा और 12 दिन तक प्रशिक्षण भी लेता रहा. हालांकि अंतिम दस्तावेज सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच के दौरान उसके फिंगरप्रिंट रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए, जिससे पूरा मामला उजागर हो गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर भर्ती घोटाले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.

BSF भर्ती प्रक्रिया में सेंध का मामला सामने आया

ग्वालियर से जुड़े BSF भर्ती फर्जीवाड़े ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है. आरोप है कि जबलपुर निवासी शिव सिंह ने अपनी जगह किसी दूसरे व्यक्ति से परीक्षा और मेडिकल टेस्ट दिलवाकर कॉन्स्टेबल (GD) पद हासिल कर लिया. मामले का खुलासा तब हुआ जब भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण में बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया.

BSF Recruitment Scam: BSF में फर्जी भर्ती का खुलासा, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल

BSF Recruitment Scam: BSF में फर्जी भर्ती का खुलासा, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल

12 दिन तक करता रहा ट्रेनिंग

जानकारी के अनुसार मनमोहन नगर, रांझी (जबलपुर) निवासी शिव सिंह का चयन SSC परीक्षा-2025 के माध्यम से BSF कॉन्स्टेबल पद पर हुआ था. चयन के बाद वह 9 मार्च 2026 को बेंगलुरु स्थित BSF ट्रेनिंग सेंटर पहुंचा और प्रशिक्षण शुरू कर दिया. करीब 12 दिन तक वह प्रशिक्षण लेता रहा.

बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल

21 मार्च को दस्तावेजों के अंतिम सत्यापन और बायोमेट्रिक मिलान की प्रक्रिया के दौरान उसके फिंगरप्रिंट रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए. अधिकारियों ने कई बार जांच की, लेकिन हर बार सिस्टम ने 100 प्रतिशत मिसमैच दिखाया. इसके बाद भर्ती से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की गई. जांच के दौरान SSC आवेदन पत्र और ई-एडमिट कार्ड पर लगी तस्वीरों तथा अन्य अभिलेखों के मिलान में भी गड़बड़ी सामने आई.

50 हजार रुपये में किया था सौदा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी शिव सिंह ने स्वीकार किया कि उसने 50 हजार रुपये देकर एक अज्ञात सॉल्वर को अपनी जगह लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट देने के लिए तैयार किया था. यही सॉल्वर भर्ती प्रक्रिया के शुरुआती चरणों में शामिल हुआ, जबकि चयन होने के बाद वास्तविक अभ्यर्थी प्रशिक्षण के लिए पहुंच गया.

BSF Recruitment Scam: पुलिस मामले की जानकारी देते हुए

BSF Recruitment Scam: पुलिस मामले की जानकारी देते हुए

ग्वालियर परीक्षा केंद्र से जुड़ा मामला

सीएसपी रोबिन जैन ने NDTV को बताया कि जांच में सामने आया है कि भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण 19 फरवरी 2025 को ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र स्थित परीक्षा केंद्र में संपन्न हुआ था. इसी कारण मामले की शिकायत मिलने पर बिजौली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.

सॉल्वर गैंग की तलाश में पुलिस

सीएसपी रोबिन जैन के अनुसार पुलिस अब उस सॉल्वर और पूरे नेटवर्क की तलाश कर रही है, जिसने भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगाई. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने सॉल्वर से संपर्क कैसे किया, उसके पीछे कौन लोग थे और क्या इस तरह के अन्य मामले भी भर्ती प्रक्रिया में सामने आ सकते हैं.

यह भी पढ़ें : शौर्य चक्र विजेता ‘राम-लक्ष्मण' की जोड़ी; 155 एनकाउंटर, जहां पोस्टिंग वहीं नक्सलियों के बन जाते थे काल

यह भी पढ़ें : 13-15 सेमी लंबा दुर्लभ पिग्मी वुडपैकर; नवा रायपुर जंगल सफारी में दिखा भारत का छोटा कठफोड़वा, जानिए खूबियां

यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 दिवसीय MP दौरे पर; PCC चीफ ने लिखा पत्र, आदिवासी समाज के मुद्दों समेत 10 मांगें

यह भी पढ़ें : MP UCC Row: लिव-इन रिलेशन वाले प्रावधान पर बवाल, आरिफ मसूद का विरोध; मानसून सत्र में बिल लाने को सरकार तैयार

लेखक के बारे में
img
Dev Shrimali
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bsf Recruitment, Fake Constable, SSC Exam Fraud, BSF Training, MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com