विज्ञापन

जरूरी खबर: मिलावटी हल्दी से गई दुल्हन की जान, हल्दी खरीदते हुए रखें इन बातों का ध्यान

मध्य प्रदेश के खरगोन में मिलावटी हल्दी से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसमें दुल्हन की मौत हो गई. जानिए नकली हल्दी की पहचान करने के आसान घरेलू तरीके.

जरूरी खबर: मिलावटी हल्दी से गई दुल्हन की जान, हल्दी खरीदते हुए रखें इन बातों का ध्यान
असली हल्दी की ऐसे करें जांच
NDTV

आज के समय में मिलावट एक आम समस्या बन गई है और खाने-पीने की चीजों में मिलावट की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं, इसी तरह मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से मिलावटी हल्दी का एक गंभीर मामला सामने आया. घर में शादी की रस्में चल रही थीं और हल्दी की रस्म भी मनाई जा रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद दूल्हा और दुल्हन की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया.

मिलावटी हल्दी के इस्तेमाल से दूल्हा और दुल्हन दोनों की हालत बिगड़ने लगी. उनके शरीर पर लाल चकत्ते पड़ गए, सूजन आ गई और सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी. हालत गंभीर होने पर दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई.

इस घटना को देखकर बड़ा सवाल यह है कि कहीं हम भी अनजाने में मिलावटी हल्दी का इस्तेमाल तो नहीं कर रहे. जरूरी है कि हम इसे पहचानने के तरीके जानें, ताकि अपने और परिवार की सेहत को सुरक्षित रखा जा सके. इसी सवाल को ध्यान में रखते हुए डॉ. समीर भाटी ने नकली हल्दी की पहचान के लिए कुछ आसान घरेलू टेस्ट बताए हैं, जिनकी मदद से आप असली और नकली हल्दी में फर्क कर सकते हैं. आइए जानते हैं इन टेस्ट्स के बारे में.

नकली हल्दी की पहचान कैसे करें?

घर पर हल्दी की मिलावट पहचानने के लिए डॉ. समीर भाटी ने एक आसान तरीका बताया है. 

  • इसके लिए दो ट्रांसपेरेंट गिलास लें.
  • अब दोनों गिलास में थोड़ा-थोड़ा हल्दी पाउडर डाल दें.
  • इसके बाद दोनों में बराबर मात्रा में पानी डालें और कुछ मिनट तक ध्यान से देखें.

अगर हल्दी असली होती है, तो उसका रंग धीरे-धीरे हल्का होकर नीचे बैठ जाता है और पानी ज्यादा गहरा पीला नहीं होता. वहीं, अगर हल्दी मिलावटी है, तो पानी का रंग तुरंत बहुत गहरा पीला या नारंगी हो जाता है और लंबे समय तक ऐसा ही बना रहता है.

आप दोनों गिलास को साथ में रखकर भी तुलना कर सकते हैं. जिस गिलास में रंग ज्यादा गहरा और अलग दिखे, उसमें मिलावट होने की संभावना ज्यादा होती है.

यह तरीका घर पर आसानी से किया जा सकता है और इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि हल्दी असली है या नहीं. हालांकि, पूरी तरह पक्की जांच के लिए लैब टेस्ट सबसे सही तरीका होता है, लेकिन यह घरेलू उपाय शुरुआती जांच के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है. 

डॉक्टर समीर भाटी फ़ूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के दिल्ली कंसल्टेटिव समिति के सदस्य हैं. इसके साथ ही वे स्टार इमेजिंग पैथ लैब व जनता एक्स रे क्लिनिक लैब के निदेशक और स्टारएजुकेशन इंस्टिट्यूट व स्टार फाउंडेशन के संस्थापक हैं.

इसे भी पढ़ें: क्या नींबू लगाने से स्किन साफ होती है? ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज़ हुसैन ने बताया सच!

लेखक के बारे में
img
Diksha Soni
Sub-Editor
दीक्षा सोनी पिछले 4 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्हें फीचर और न्यूज राइटिंग का अनुभव है. बतौर सब एडिटर 2022 से एनडीटीवी में कार्यरत... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food Adulteration, Fake Turmeric Test, Nakli Haldi Kaise Pahchane, MP News, Food Safety
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com