विज्ञापन

भोपाल में पुलिस के सामने हो गई चोरी! चेकिंग के दौरान दूसरे की स्कूटर की चाबी ले गया चोर, सबके सामने हुआ फरार

भोपाल के मंगलवारा थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान हैरान करने वाली घटना सामने आई. पीड़ित का आरोप है कि एक शातिर युवक पुलिस से स्कूटर की चाबी लेकर वाहन समेत फरार हो गया. पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है। घटना के 48 घंटे बाद भी स्कूटर बरामद नहीं हुआ है.

भोपाल में पुलिस के सामने हो गई चोरी! चेकिंग के दौरान दूसरे की स्कूटर की चाबी ले गया चोर, सबके सामने हुआ फरार
  • भोपाल के मंगलवारा थाना क्षेत्र में पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान एक बदमाश स्कूटर की चाबी लेकर फरार हो गया.
  • पुलिसकर्मियों ने चालान के लिए 300 रुपये मांगे थे, वाहन मालिक ने पैसे लाने के लिए समय मांगा था.
  • एक अज्ञात युवक ने खुद को मददगार बताकर पुलिस से स्कूटर की चाबी ले ली और वाहन लेकर भाग गया.

एमपी की राजधानी भोपाल में पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मंगलवारा थाना क्षेत्र में पुलिस सड़क पर वाहन चेकिंग कर रही थी, लेकिन इसी दौरान एक शातिर बदमाश कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से स्कूटर की चाबी लेकर वाहन समेत फरार हो गया. 

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना पुलिस और वाहन मालिक की आंखों के सामने हुई, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. अब घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो स्कूटर बरामद हो सका है.

चेकिंग के दौरान रोका था वाहन

पीड़ित नदीम उर्फ भूरा के अनुसार, पुलिस चेकिंग अभियान के दौरान उसे रोका था. पुलिसकर्मियों ने उससे 300 रुपये का चालान जमा करने के लिए कहा. नदीम का कहना है कि उसने तत्काल पैसे नहीं होने की बात कही और घर से पैसे लाकर चालान जमा करने की बात कही. आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उसके स्कूटर की चाबी अपने पास रख ली.

मददगार बनकर आया शातिर

इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक नदीम के पास पहुंचा. उसने खुद को मददगार बताते हुए कहा कि वह पुलिस से उसकी गाड़ी छुड़वा देगा. नदीम को लगा कि युवक उसकी सहायता करेगा, लेकिन कुछ ही देर में पूरा मामला बदल गया.

पीड़ित का आरोप है कि युवक सीधे पुलिसकर्मियों के पास पहुंचा और उनसे बातचीत करने लगा. बातचीत के बाद उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से स्कूटर की चाबी ले ली. इसके बाद वह बिना किसी रोक-टोक के स्कूटर तक पहुंचा, चाबी लगाई और वाहन स्टार्ट करके वहां से फरार हो गया.

आंखों के सामने गायब हो गई स्कूटर

नदीम के मुताबिक, पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ ही नहीं पाया. जब तक उसे स्थिति का एहसास हुआ, तब तक आरोपी स्कूटर लेकर जा चुका था. पीड़ित का कहना है कि उसकी स्कूटर उसकी आंखों के सामने चोरी हो गई और वह बेबस होकर सब कुछ देखता रह गया.

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात

घटना की पूरी तस्वीर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पीड़ित ने फुटेज निकलवाकर मंगलवारा थाना प्रभारी को आवेदन भी सौंप दिया है. फुटेज में कथित आरोपी की गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिससे मामले की जांच में मदद मिल सकती है.

नदीम का कहना है कि घटना को 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो उसका स्कूटर बरामद हुआ है और न ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. वह लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है और कार्रवाई की मांग कर रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhopal Viral Video, Bhopal Theft Case, Madhya Pradesh News, Vehicle Theft Gang, MP Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com