भोपाल के नामी फाइव स्टार होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट पर बड़ी कार्रवाई हुई है. रसोई में चूहे मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब औचक निरीक्षण किया, तो कई गंभीर खामियां सामने आईं. हालात इतने खराब पाए गए कि प्रशासन को सख्त कदम उठाते हुए होटल का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करना पड़ा. इस कार्रवाई के बाद होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है.
शिकायत के बाद की गई अचानक जांच
मामला सामने आने पर राज्य और केंद्र की खाद्य सुरक्षा टीम ने डीबी सिटी, अरेरा हिल्स स्थित होटल परिसर में अचानक जांच की. यह निरीक्षण चूहों की मौजूदगी की शिकायत के आधार पर किया गया था, जिसमें कई अनियमितताएं पकड़ में आईं.
किचन और स्टोर रूम में मिले चूहे
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि होटल के किचन और स्टोरेज एरिया में चूहों की मौजूदगी पाई गई. यही नहीं, होटल के पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड में भी चूहों की समस्या दर्ज थी, जिससे साफ हुआ कि यह समस्या पहले से मौजूद थी.
साफ-सफाई की हालत भी बेहद खराब
निरीक्षण टीम को होटल की रसोइयों में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली. कई जगहों पर गंदगी और अव्यवस्था देखने को मिली, जो स्वास्थ्य मानकों के खिलाफ है. यह लापरवाही सीधे तौर पर खाने की गुणवत्ता पर असर डाल सकती है.
जांच में यह भी सामने आया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था. दोनों तरह का खाना एक साथ असुरक्षित तरीके से रखा गया था, जिससे दूषण का खतरा बढ़ गया.
भंडारण प्रणाली में भी भारी लापरवाही
होटल में खाद्य सामग्री का भंडारण भी तय मानकों के अनुसार नहीं पाया गया. स्टोरेज की व्यवस्था खराब होने के कारण खाने के खराब या दूषित होने की आशंका बढ़ गई थी. इसके अलावा चीनी के पैकेट जैसी चीजों में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया.
इन सभी गंभीर कमियों को देखते हुए केंद्रीय अभिहित अधिकारी ने होटल की खाद्य व्यवसाय गतिविधियों और उसका सेंट्रल लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया. साथ ही होटल में खाने-पीने से जुड़ी सभी सेवाएं भी रोक दी गई हैं.
उपभोक्ताओं की सुरक्षा सबसे जरूरी
प्रशासन ने साफ कहा है कि जनता के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं