विज्ञापन

AI से नकल! बच्चों ने ChatGPT और Gemini से लिखे जवाब, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

भिंड में परीक्षा के दौरान ChatGPT और Gemini जैसे AI टूल से नकल का मामला सामने आया है. वायरल वीडियो में छात्र मोबाइल से जवाब तलाशते दिखे, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

AI से नकल! बच्चों ने ChatGPT और Gemini से लिखे जवाब, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

भिंड जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का नया तरीका उजागर हुआ है. छात्रों पर आरोप है कि उन्होंने ChatGPT, Gemini और इंटरनेट की मदद से सीधे जवाब लिखे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है.

परीक्षा में ‘हाईटेक नकल' का खुलासा

यह मामला माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय की PGDCA और DCA परीक्षा से जुड़ा है. शहर के यदुनाथ कॉलेज परीक्षा केंद्र पर छात्रों द्वारा मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर नकल करने का आरोप लगा है. वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं खुलेआम फोन का उपयोग करते नजर आ रहे हैं.

ChatGPT और Gemini से तलाशे जवाब

वीडियो में साफ दिख रहा है कि परीक्षार्थी AI प्लेटफॉर्म जैसे ChatGPT, Gemini और गूगल की मदद से सवालों के जवाब ढूंढ रहे थे. इसके बाद वही जवाब उत्तर पुस्तिका में लिखे जा रहे थे. इस तरह की नकल ने परीक्षा प्रणाली की गंभीरता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.

बताया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र पर मौजूद एक छात्र ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से फैल गया और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया.

कॉलेज प्रशासन को जारी हुआ नोटिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए लीड कॉलेज पीएमश्री एम.जे.एस. महाविद्यालय के प्राचार्य ने यदुनाथ कॉलेज के केंद्राध्यक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. हालांकि केंद्राध्यक्ष ने अपनी सफाई में कहा है कि वायरल वीडियो उनके कॉलेज का नहीं है.

पहले भी सामने आ चुके हैं नकल के मामले

गौरतलब है कि इसी परीक्षा केंद्र पर पहले भी नकल के कई मामले सामने आ चुके हैं. विशेष पर्यवेक्षक डॉ. हेमंत दुबे पहले ही तीन परीक्षाओं में 24 नकल प्रकरण दर्ज कर चुके हैं. इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र को निरस्त करने का प्रस्ताव भी विश्वविद्यालय को भेजा गया था. अब यह बड़ा सवाल है कि वायरल वीडियो में कितनी सच्चाई है और नकल के आरोप कितने सही हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com