Baloda Bazar Bank Manager Bribe Video: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम निपनिया में एक विधवा महिला से खाते की राशि भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर की निपनिया शाखा की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
महिला ने कलेक्टर जनदर्शन में की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, ग्राम निपनिया निवासी खेलन बाई सतनामी ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत की थी. इस शिकायत में कहा था कि उनके पति रूपदास सतनामी का एक साल पहले निधन हो चुका है. उनके पति के नाम से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपनिया शाखा में खाता संचालित था, जिसमें लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये जमा थे. बैंक की खाते की नॉमिनी होने के कारण उन्होंने राशि प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज बैंक में जमा किए थे.
'पैसे निकालो बेटा...'
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) June 15, 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में मृत पति के खाते से रुपये निकालने के एवज में महिला बैंक मैनेजर ने पत्नी से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की.#Chhattisgarh #balodabazar pic.twitter.com/iyZdfIVi94
शाखा प्रबंधक ने की थी रिश्वत की मांग
महिला ने शिकायत में कहा था कि शाखा प्रबंधक ने खाते की राशि जारी करने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की. शिकायत के अनुसार, रिश्वत नहीं देने पर भुगतान में बाधा उत्पन्न करने और रायपुर कार्यालय के चक्कर लगाने की बात कही गई. महिला ने ये भी दावा किया कि रिश्वत मांगने और लेने से संबंधित वीडियो उनके बेटे ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है.

महिला ने कलेक्टर जनदर्शन में प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय के खिलाफ शिकायत की थी.
कलेक्टर ने जांच के दिए थे निर्देश
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर शिकायत की प्रारंभिक जांच कराई गई. जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोडल अधिकारी द्वारा की गई जांच में शाखा प्रबंधक के विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए. जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन ने बैंक कर्मचारी सेवा नियम 60 (3) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नोडल कार्यालय महासमुंद से संबद्ध किया गया है.

निपनिया शाखा की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में अनिता पाण्डेय को नियमानुसार स्वीकार्य वेतन की आधी राशि के बराबर जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा. इस अवधि में उन्हें किसी प्रकार के अवकाश की पात्रता नहीं होगी और सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति भी नहीं रहेगी. शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में शाखा प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, सेवा से निलंबन और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. मामले में आगे की प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
ये भी पढ़ें: Monsoon 2026: एमपी-छत्तीसगढ़ में लेट पहुंचेगा मानसून, मौसम विभाग ने बताई संभावित तारीख
ये भी पढ़ें: 3 साल के बच्चे के चेहरे पर आए 55 टांके, आगरा मालवा में मासूम को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह नोचा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं