विज्ञापन

3 साल के बच्चे के चेहरे पर आए 55 टांके, उज्जैन में मासूम को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह नोचा

बच्चा घर के बाहर खेल रहा था. तभी आवारा कुत्ते ने चेहरे पर हमला कर दिया. कुत्ते ने नाक और मुंह वाला हिस्सा बुरी तरह नोच डाला.

3 साल के बच्चे के चेहरे पर आए 55 टांके, उज्जैन में मासूम को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह नोचा
बच्चे का इलाज करते डॉक्टर.

Dog Attack in Agar Malwa: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में आवारा कुत्ते ने बच्चे पर खूनी हमला कर दिया. उसने मासूम के चेहरे को बुरी तरह नोच डाला, जिस वजह से उसका नाक और मुंह वाला हिस्सा अलग सा हो गया. कुत्ते के हमले में इतने गहरे जख्म आए कि उसे चेहरे पर 55 टांके आए हैं.  बच्चे का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि चेहरे पर टांके लगाना बहुत चुनौती भरा रहा. बच्चा पूरी तरह से लहूलुहान हो गया था और खून भी नहीं रुक रहा था.

जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के महिदपुर तहसील के देलवाडी गांव में बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था. तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को इस तरह नोचा कि पूरा चेहरा लहूलुहान हो गया और बच्चे के चेहरे पर पचपन टांके लगाने पड़े.

तीन-तीन डॉक्टरों ने लगाए टांके

कुत्ते के हमले से इस कदर खून बह रहा था कि तीन-तीन डॉक्टरों ने मिल कर सर्जरी की और खून को रोका तब जाकर चेहरे पर टांके लगाए जा सके. इलाज के लिए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक सक्सेना के साथ डॉ. जितेंद्र कैथवल और डॉ. अजहर मुल्तानी की मदद ली गई. बच्चे की हालत गंभीर होने के चलते उसे उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है.

डॉक्टरों को टांके लगाना रहा चुनौती भरा

डॉक्टर अजहर मुल्तानी ने एनडीटीवी को  बताया कि बच्चे के चेहरे पर इतने गंभीर घाव थे कि लगातार हो रहे रक्तस्राव को रोकना बड़ी चुनौती बन गया था. तीन चिकित्सकों की टीम ने मिलकर पहले खून बहना नियंत्रित किया और उसके बाद चेहरे पर कुल 55 टांके लगाए गए. घावों की स्थिति और बच्चे की कम उम्र को देखते हुए उपचार के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ी.

आंखों के नजदीक चोटें, चेहरे पर गहरे जख्म

डॉक्टर जितेंद्र कैथवाल के अनुसार, चोटें आंखों के बेहद नजदीक थीं, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई थी. चेहरे के कई हिस्सों में गहरे घाव थे और थोड़ी सी भी चूक गंभीर परिणाम दे सकती थी. जिला अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के अनुसार सर्वोत्तम उपचार प्रदान किया गया, लेकिन बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया.

फिलहाल बच्चे का उपचार इंदौर के अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. परिवार और ग्रामीणों में घटना के बाद गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है.

पांच महीने में डॉग बाइट 350 से ज़्यादा मामले 

यह घटना एक बार फिर आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है. एनडीटीवी ने पड़ताल की तो जिला अस्पताल के आंकड़े सामने आए. इसके अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में डॉग बाइट के साढ़े तीन सौ से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या जनस्वास्थ्य और जनसुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी देशभर में आवारा कुत्तों की समस्या और उनके नियंत्रण को लेकर गंभीर टिप्पणी की थी. इसके बावजूद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में डॉग बाइट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.

डॉग बाइट होने पर तुरंत क्या करें

  • डॉक्टर अजहर मुल्तानी का कहना है कि डॉग बाइट की स्थिति में पीड़ित को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाना चाहिए. सरकारी अस्पतालों में एंटी रेबीज वैक्सीन, एचआरआईजी (Human Rabies Immunoglobulin), टिटनेस इंजेक्शन सहित आवश्यक उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है.
  • डॉक्टर मुल्तानी ने आगे बताया कि कुत्ते के काटने के तुरंत बाद घाव को बहते पानी और साबुन से लगातार अच्छी तरह धोना चाहिए.समय पर उपचार मिलने से रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव संभव है.

प्रशासनिक कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं सामने आ सकती हैं.

फिलहाल पूरा क्षेत्र मासूम बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है, वहीं यह घटना प्रशासन के सामने आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की चुनौती भी खड़ी कर रही है.

ये भी पढ़ें- नसबंदी में घोटाला, ग्वालियर में 656 कुत्तों की बंध्याकरण का एफिडेविट निकला फर्जी, डॉक्टर पर FIR

लेखक के बारे में
img
जफर मुल्तानी
संवाददाता
जफर मुल्तानी NDTV के संवाददाता है और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stray Dog Attack, Agar Malwa News, Dog Attack Child, MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com