Adani Foundation Project Badrwas: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास विकासखंड में अदाणी फाउंडेशन ने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल की है. ग्राम बूढ़ा डोंगर में ‘परिधान प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र' की शुरुआत कर अदाणी फाउंडेशन ने रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का नया द्वार खोला है. इस आधुनिक केंद्र का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया. यह केंद्र न केवल महिलाओं को रोजगार प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण के जरिए आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त भी बनाएगा.
बूढ़ा डोंगर में शुरू हुआ अदाणी फाउंडेशन का परिधान केंद्र
बदरवास के ग्राम बूढ़ा डोंगर में अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्थापित परिधान प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र करीब दो हेक्टेयर क्षेत्र में बनाया गया है. इस अत्याधुनिक यूनिट में 600 से अधिक आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके जरिए अब स्थानीय ग्रामीण महिलाएं गारमेंट्स निर्माण में दक्ष बनेंगी.

1500 से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और रोजगार
अदाणी फाउंडेशन के इस केंद्र से 1500 से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा. यहां महिलाओं को पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे जैकेट समेत विभिन्न परिधान और अन्य गारमेंट उत्पाद तैयार कर सकेंगी. प्रशिक्षण के साथ-साथ उन्हें नियमित रोजगार भी मिलेगा, जिससे उनकी आय में स्थायी वृद्धि होगी.

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचेगा महिलाओं का उत्पाद
अदाणी फाउंडेशन के प्रयासों से इस केंद्र में बनने वाले उत्पादों का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विपणन किया जाएगा. महिलाओं द्वारा तैयार की गई जैकेट और अन्य परिधान अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी भेजे जाएंगे, जिससे ग्रामीण महिलाओं की मेहनत को वैश्विक पहचान मिलेगी.

कार्यक्रम में दिखा उत्साह, बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद
इस शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं. अदाणी फाउंडेशन के सीईओ डॉ. अभिषेक लखटकिया भी इस अवसर पर उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाना और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.
सिंधिया ने की कोलारस में ₹2500 करोड़ के रक्षा संयंत्र की घोषणा
इसी कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलारस क्षेत्र के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अदाणी ग्रुप द्वारा अगले दो महीनों में ₹2500 करोड़ का रक्षा संयंत्र स्थापित किया जाएगा. यह संयंत्र कोलारस से लगभग 15 किलोमीटर दूर कोटा हाईवे और बॉम्बे–ग्वालियर हाईवे के संगम पर बनेगा.

रक्षा संयंत्र से मिलेगा 2000 लोगों को रोजगार
सिंधिया ने बताया कि इस रक्षा परियोजना से करीब 2000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. कृषि और टमाटर उत्पादन के लिए पहचाने जाने वाला कोलारस अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी देश को मजबूती देगा. यह परियोजना जिले की दो दशकों पुरानी औद्योगिक मांग को पूरा करेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति देगी.
'स्वाभिमान' कार्यक्रम: 10 लाख महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य
अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी के विजन से प्रेरित 'स्वाभिमान' कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे भारत में 10 लाख महिलाओं को स्थायी आजीविका से जोड़ना है. यह कार्यक्रम महिलाओं को अनियमित और असंगठित कार्यों से निकालकर उन्हें बाजार से जुड़े स्थिर आय वाले अवसरों की ओर ले जाने पर केंद्रित है.

अदाणी फाउंडेशन के सीईओ डॉ. अभिषेक लखटकिया ने कहा कि हमारी चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी का मानना है कि महिलाओं के सशक्तिकरण की शुरुआत गरिमा के साथ कमाने की क्षमता से होती है. स्वाभिमान का ध्यान कौशल को निरंतर आय में बदलने पर है. महिलाओं को वास्तविक काम और बाजारों से जोड़कर, हम उन्हें वित्तीय स्वतंत्रता हासिल करने और अपने परिवारों में एक मजबूत भूमिका निभाने में मदद कर रहे हैं."
अदाणी फाउंडेशन: 30 वर्षों का सेवा सफर
अदाणी फाउंडेशन इस वर्ष 11 अगस्त को अपनी स्थापना की 30वीं वर्षगांठ मनाएगा. तीन दशकों से यह फाउंडेशन भारत के 22 राज्यों के 7,247 गांवों और शहरी वार्डों में सक्रिय है. शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्थायी आजीविका और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में काम करते हुए फाउंडेशन ने अब तक 1.33 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है. बदरवास की यह नई शुरुआत इसी प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है, जो ग्रामीण भारत की महिलाओं को आर्थिक विकास की मुख्यधारा में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त कर रही है.
यह भी पढ़ें : अदाणी समूह करेगा मध्य प्रदेश में ₹3500 करोड़ का निवेश, पैदा होंगे 3500 रोज़गार : करण अदाणी
यह भी पढ़ें : MP के भिंड में पूर्व मंत्री के भाई के घर 1 करोड़ की चोरी, दो घंटे तक बेखौफ रहे चोर; सोना‑नकदी उड़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं