मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत और 33 लोग घायल हो गए. हादसे में घायल सभी लोग गडोला गुसाईं गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में भर्ती कराया गया है. घायलों का हाल जानने खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे. यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली. विधायक ने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति पर चर्चा करते हुए बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम
विधायक भूपेंद्र सिंह ने घायलों और उनके परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि यदि किसी घायल को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करने की आवश्यकता पड़ती है, तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी. घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम बनाई गई है, ताकि सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
गौरतलब है कि सभी लोग कार्तिक मास में नर्मदा स्नान के लिए गए थे और वापस लौटते समय नेशनल हाईवे-44 पर हादसे का शिकार हो गए. हादसे में 3 लोगों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं 33 घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है.
यह भी पढ़ें: अरुणाचल में LAC पर तनाव के बीच भारत-चीन की कोर कमांडर लेवल वार्ता, सर्दियों से पहले टकराव रोकने पर जोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं