केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल हुई हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई है. सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड पंजीकरण वाली एक हुंडई क्रेटा कार में भारी मात्रा में अफीम गुवाहाटी से जोधपुर ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर सीबीएन नीमच ने विशेष टीम गठित कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की. अधिकारियों ने करीब 2 हजार किलोमीटर लंबे मार्ग पर लगातार सर्विलांस रखते हुए वाहन की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी.
20 जून की सुबह आगरा-जयपुर हाईवे स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर संदिग्ध कार को रोककर चालक सहित कब्जे में लिया गया. एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई तलाशी में कार की डिक्की से तीन बोरियों में भरे 109 पैकेट बरामद हुए. जांच में इन पैकेटों से कुल 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम मिली.
गंध छिपाने के लिए छिड़का था परफ्यूम
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, तस्करों ने अफीम की गंध को छिपाने के लिए वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में परफ्यूम का छिड़काव किया था, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके. हालांकि, सतर्क निगरानी और सटीक सूचना के चलते तस्करी का प्रयास विफल हो गया.
नेटवर्क की तलाश में जुटी जांच एजेंसियां
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेप गुवाहाटी से जोधपुर भेजी जा रही थी। सीबीएन अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लायर और रिसीवर की पहचान में जुटी है.
इस साल 69 मामले, 98 गिरफ्तारियां
डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर कार्यालय नीमच से मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीएन मध्य प्रदेश इकाई के अनुसार चालू कैलेंडर वर्ष में अब तक 69 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. विभाग का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ खुफिया सूचना आधारित अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- MP-छत्तीसगढ़ में आज नीट की परीक्षाएं, 400 से ज्यादा सेंटर; पारंपरिक पोशाक वाले पहले पहुंचें, जानें कैसी है व्यवस्था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं