पटना में जनता दल यूनाइटेड की अहम बैठक शुरू हो गई है. पार्टी की राज्य परिषद की मीटिंग में संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही है. बैठक में पार्टी के दिग्गज नेताओं समेत राज्य परिषद के सदस्य मौजूद हैं. वहीं, दोपहर बाद होने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शामिल होंगे.
जदयू की राज्य परिषद की बैठक में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद हैं. इसके अलावा राज्य परिषद के सभी सदस्य भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. माना जा रहा है कि बैठक में संगठन और आगामी चुनावी तैयारियों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी जा सकती है.
तीन बजे होगी राष्ट्रीय परिषद की बैठक
राज्य परिषद की बैठक के बाद दोपहर तीन बजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक होनी है. इस बैठक में भी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव रखे जा सकते हैं, जिन पर मुहर लगने की संभावना है.
जनता दल (यू) की राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद के सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन हेतु पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जुटे हुए हैं।
— Janata Dal (United) (@Jduonline) June 21, 2026
इस अवसर पर बैठक में पधार रहे सभी आदरणीय प्रतिनिधियों का पुनः हार्दिक स्वागत, अभिनंदन एवं शुभकामनाएं।#JDUBaithak #Bihar #NitishKumar#JDU… pic.twitter.com/BAMdY0jAdC
निशांत कुमार को लेकर अटकलें
बैठक से पहले राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
क्या बोले मंत्री अशोक चौधरी?
जदयू की बैठक को लेकर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक नीतीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित हो रही है, जिसमें सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि निशांत कुमार युवा दिलों की धड़कन हैं और युवाओं का उन पर भरोसा है. युवाओं की अपेक्षाओं और उनके विश्वास से जुड़े विषयों पर भी बैठक में चर्चा होगी. अशोक चौधरी ने कहा कि बैठक समाप्त होने के बाद सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी और पार्टी की आगे की रणनीति की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं