Force At Indian Borders: भारत की सीमाएं (Borders) दुनिया की सबसे सेंसिटिव और रणनीतिक सीमाओं में गिनी जाती हैं. देश की सीमाएं पाकिस्तान, चीन, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, म्यांमार और अफगानिस्तान जैसे देशों से लगती हैं. हर सीमा की ज्योग्राफिकल स्थिति और सुरक्षा चुनौतियां अलग-अलग हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए भी अलग-अलग सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर किस सीमा की जिम्मेदारी किस फोर्स के पास होती है. आइए एक नजर डालते हैं भारत के पूरे सुरक्षा रोडमैप पर -
किस बॉर्डर पर कौन-सी फोर्स रहती है तैनात?
भारत की सीमाओं की सुरक्षा मल्टी-लेवल सिस्टम पर बेस्ड है. अलग-अलग सीमाओं पर खास ट्रेनिंग प्राप्त सुरक्षा बल तैनात रहते हैं.
भारत-पाकिस्तान सीमा
भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) संभालती है. हालांकि, संवेदनशील इलाकों और लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर भारतीय सेना भी तैनात रहती है.
भारत-चीन सीमा
भारत-चीन सीमा यानी लाइन ऑफ एक्च्युअल कंट्रोल (LAC) पर इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) की तैनाती रहती है. ऊंचे पहाड़ी और बर्फीले इलाकों में यह बल निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाता है.
भारत-अफगानिस्तान सीमा
भारत और अफगानिस्तान के बीच लगने वाले सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा का दायित्व भी आईटीबीपी के पास है.
भारत-बांग्लादेश सीमा
भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा भी बीएसएफ करती है.
भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा
नेपाल और भूटान के साथ भारत की खुली सीमाएं हैं. इन सीमाओं की सुरक्षा सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जिम्मे है.
भारत-म्यांमार सीमा
म्यांमार सीमा पर असम राइफल्स (Assam Rifles) तैनात रहती है, जो सीमा सुरक्षा के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों में शांति बनाए रखने में भी बड़ी भूमिका निभाती है.
समुद्री सीमाओं की सुरक्षा
भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा भारतीय नौसेना (Indian Navy) और कोस्ट गार्ड (Coast Guard) मिलकर करते हैं.
कैसे तय होती है सीमा सुरक्षा की रणनीति?
भारत की सीमा सुरक्षा केवल सेना पर निर्भर नहीं करती, बल्कि खतरे के स्तर, ज्योग्राफिकल परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों के अनुसार सुरक्षा बलों की तैनाती की जाती है. इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, ड्रोन, सर्विलांस कैमरे और रेग्युलर पेट्रोलिंग के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाती है.
चारों दिशाओं से सुरक्षित है भारत
पर्वतीय सीमाओं से लेकर रेगिस्तानी इलाकों और समुद्री क्षेत्रों तक, भारत की सुरक्षा व्यवस्था बेहद मजबूत है. अलग-अलग सुरक्षा बलों की जिम्मेदारियां तय होने से सीमाओं की निगरानी संभव हो पाती है और देश की सुरक्षा सुनिश्चित होती है.
ये भी पढ़ें- पंजाब से पाकिस्तान तक, सतलुज के बारे में ये 10 बातें जानते हैं आप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं