भारत-बांग्लादेश सीमा पर हिरासत में लिए गए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान कॉन्स्टेबल जे.सी. योगी को आखिरकार बांग्लादेश ने वापस भारत को सौंप दिया है. जवान की सुरक्षित वापसी के बाद अब उस पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो रही है, जिसने दोनों देशों की सीमा पर कुछ वक्त के लिए हलचल बढ़ा दी थी. बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक, कॉन्स्टेबल जे.सी. योगी ने वापसी के बाद सीमा चौकी पर अधिकारियों को बताया कि घटना से पहले बांग्लादेश की ओर मौजूद कुछ लोग लगातार उन्हें उकसा रहे थे और फब्तियां कस रहे थे. उनका दावा है कि उन्होंने कई बार उन्हें चेतावनी दी, लेकिन जब वे नहीं माने तो वह सीमा के पास स्थित एक दुकान की ओर बढ़े और वहां मौजूद एक युवक को डांटा-फटकारा.
जवान के मुताबिक, इसी दौरान बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) के जवान वहां पहुंचे और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद उन्हें हिरासत में रखा गया. हालांकि बाद में दोनों देशों के सीमा बलों के बीच बातचीत हुई और तय प्रक्रिया के तहत उन्हें भारत को सौंप दिया गया.
क्या था पूरा मामला?
शुरुआती जानकारी में कहा गया था कि जवान गलती से सीमा पार चला गया था. घटना के बाद BSF और BGB के अधिकारियों के बीच लगातार संपर्क बना रहा. सीमा पर तैनात जवानों के बीच ऐसी घटनाएं बेहद संवेदनशील मानी जाती हैं, क्योंकि भारत-बांग्लादेश सीमा के कई हिस्सों में आबादी, बाजार और लोगों की आवाजाही सीमा रेखा के बेहद करीब है.
बातचीत के बाद सुलझा मामला
अधिकारियों के मुताबिक, मामले को लेकर दोनों देशों के सीमा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग और संवाद हुआ. इसके बाद प्रक्रिया पूरी कर कॉन्स्टेबल जे.सी. योगी को भारत को सौंप दिया गया. सूत्रों का कहना है कि अब पूरे घटनाक्रम की आंतरिक स्तर पर समीक्षा भी की जा सकती है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: CM योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, चौरीचौरा से सपा का चुनावी बिगुल, क्या है गणित?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं