विज्ञापन

कोर्ट की तरह याचिका बनाकर पहुंचते हैं लोग, उत्तराखंड में कहां है न्याय देवता का मंदिर?

God Of Justice: कोर्ट-कचहरी की तरह लोग इस मंदिर में अपनी याचिका लेकर जाते हैं और न्याय के देवता से खुद के लिए न्याय मांगते हैं. उत्तराखंड के कुमाऊं रीजन में लगभग हर घर में गोलू देवता की पूजा होती है.

कोर्ट की तरह याचिका बनाकर पहुंचते हैं लोग, उत्तराखंड में कहां है न्याय देवता का मंदिर?
न्याय के देवता के पास अर्जी लगाने जाते हैं लोग

जब भी किसी को पुलिस या फिर दूसरे विभाग से न्याय नहीं मिलता है तो वो इसके लिए कोर्ट में अर्जी लगाते हैं. इसके लिए पहले एक पिटीशन यानी याचिका दायर करनी होती है, जिसके बाद सुनवाई होती है और ज्यादातर लोगों को न्याय मिल जाता है. हालांकि भारत में एक ऐसा मंदिर भी है, जहां ठीक कोर्ट की तरह अर्जी लगाई जाती है और न्याय के देवता से न्याय मांगा जाता है. मान्यता है कि हाथ से या फिर स्टांप पेपर पर लिखकर कोई अर्जी लगाकर यहां लटकाई जाए तो न्याय होने के चांस काफी ज्यादा बढ़ जाते हैं. आज हम आपको बताएंगे कि न्याय के देवता का ये मंदिर कहां है और इसके पीछे क्या मान्यता है. 

उत्तराखंड में यहां है न्याय देवता का मंदिर

उत्तराखंड को देवनगरी भी कहा जाता है, यहां चारों धामों के अलावा तमाम तरह के देवी-देवताओं के मंदिर हैं. इनमें गोलू देवता का मंदिर भी शामिल है, जिन्हें न्याय का देवता कहा जाता है. इन्हें कुमाऊं में गोलज्यू देवता भी कहा जाता है. नैनीताल के पास घोड़ाखाल में ये मंदिर है, जहां लोग अपनी अर्जियां लेकर जाते हैं. इनमें से कई लोग ऐसे होते हैं, जिनके कोर्ट में केस पहले से चल रहे हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

क्या है मान्यता?

गोलू देवता के मंदिर के पीछे एक राजा की कहानी बताई जाती है. इन्हें कृष्ण का अवतार माना जाता है. राजा की 7 रानियां थीं, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी. कई कोशिशों के बावजूद उन्हें पुत्र नहीं हुआ तो वो ऋषियों के पास गए. अपनी जन्म कुंडली दिखाते हुए उन्होंने कहा कि पुत्र नहीं होने के चलते उन्हें कई लोग ताने मारते हैं. तब ऋषियों ने कहा कि तुम्हारी कुंडली में 8वीं शादी का योग है. 

इसके बाद राजा को जगह और समय बताया गया, वहां राजा पहुंचे तो राजा रीकेश्वर की बेटी वहां उन्हें मिलीं. इसके बाद राजा ने उनसे शादी की और उनका एक पुत्र हुआ, लेकिन बाकी 7 रानियों ने उस बच्चे को चुराकर उसे मारने की कोशिश की. हर तरीका अपनाया गया, लेकिन उनका कुछ नहीं हुआ. आखिर में उस बच्चे को संदूक में बंद कर दिया और काली नदी में फेंक दिया. वो संदूक एक मछली बेचकर गुजारा करने वाले को मिला. जब उन्होंने बक्सा खोला तो उन्हें ये बच्चा दिखा और दोनों पति-पत्नी काफी खुश हो गए. 

मान्यता और कथाओं के मुताबिक, जब बच्चा बड़ा हुआ तो उसने मछली पालक पिता से कहा कि लकड़ी का घोड़ा लाकर दो, जैसे ही घोड़ा मिला तो उसमें प्राण आ गए और ये घोड़ा सीधे उस बच्चे को लेकर राजा के पास पहुंच गया. इसके बाद राजा को सच्चाई पता चली तो उन्होंने अपनी सातों रानियों को सजा सुना दी. इस चमत्कारी बच्चे की हर तरफ चर्चा होने लगी और फिर लोग अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचने लगे. इन्हें ही गोलू देवता का नाम मिला और आज भी उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में लोग इनके पास अपनी अर्जी लेकर न्याय मांगने जाते हैं. 

लाखों की संख्या में अर्जियां और घंटियां

मान्यता है कि कोर्ट कचहरी में जो मामले फंसे होते हैं और सालों तक जिनका निपटारा नहीं हो पाता है, वो यहां अर्जी लगाकर खत्म हो जाते हैं. यही वजह है कि लोग अपनी-अपनी अर्जी लेकर यहां पहुंचते हैं और इसे वहां टांग देते हैं. यहां लाखों की संख्या में अर्जियां आज भी टंगी हुई हैं. माना जाता है कि अगर याचिका लगाने वाले की खुद गलती होती है तो न्याय के देवता उसी को सजा देते हैं. न्याय मिलने के बाद लोग अपने हिसाब से यहां घंटी चढ़ाने आते हैं, यही वजह है कि अर्जियों के साथ यहां लाखों घंटियां भी टंगी हुई हैं. 

ये भी पढ़ें - अर्धकुंभ, पूर्ण कुंभ और महाकुंभ में क्या अंतर होता है? जान लीजिए जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
God Of Justice, Golu Devta Temple, Petition For Justice, Uttarakhand Temple, Golu Devta Mandir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com