झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है. कई दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे अभ्यर्थियों के बीच गुरुवार को जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और संवाद की पहल की. प्रदर्शनकारी छात्र लगातार परीक्षा रद्द करने, निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं. इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी छात्रों से फोन पर बात की, जबकि राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन आंदोलन को और मजबूती देता नजर आ रहा है. अब सभी की नजर सरकार और छात्रों के बीच संभावित वार्ता पर टिकी है.
छात्रों से बातचीत के लिए पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
रांची में जारी आंदोलन के बीच जिला प्रशासन ने बातचीत का रास्ता अपनाते हुए छात्रों से सीधे संवाद की कोशिश की. रांची सदर एसडीएम राजत कुमार और एडीएम धनंजय कुमार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे और आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात की. एसडीएम राजत कुमार ने कहा कि वे छात्रों की समस्याओं को समझने और उनकी मदद के लिए वहां पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन चाहता है कि संवाद के माध्यम से समाधान का रास्ता निकले और युवाओं के भविष्य को लेकर सकारात्मक माहौल बनाया जाए.
#WATCH | Ranchi, Jharkhand: SDO Ranchi Sadar Rajat Kumar says, "We came to speak with our younger brothers about how we can assist them in their preparations for the future." (06.08) https://t.co/XMOV4iG44I pic.twitter.com/RaVdbUxsUM
— ANI (@ANI) August 6, 2026
JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने बनाई 11 सदस्यीय टीम
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने सरकार के साथ संभावित बातचीत के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया है. इस प्रतिनिधिमंडल में आठ छात्र प्रतिनिधि, एक अधिवक्ता और दो तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं. छात्र प्रतिनिधियों में पीयूष कुमार सिंह, रविंद्र पासवान, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, कार्तिक सोरेन, रविंद्र, अंकित कुमार और शालू सिंह शामिल हैं. छात्रों का कहना है कि इस बार बातचीत पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए और मीडिया की मौजूदगी में हो, ताकि किसी भी तरह के भ्रम की स्थिति न बने.
#WATCH | Jharkhand: Ranchi SDM Kumar Rajat and ADM Dhananjay Kumar meet JPSC-JSSC aspirants, protesting against alleged irregularities in the exam, at Jaipal Singh Munda Stadium in Ranchi. pic.twitter.com/m51fOfdFMQ
— ANI (@ANI) August 6, 2026
विधान सभा घेराव आज
इस बीच ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन छात्रों के समर्थन में उतर आई है. आयशा 7 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. झारखंड सीपीआई ऑफिस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के साथ-साथ स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के छात्र नेता ने इस बारे में जानकारी दी कि वाम छात्र संगठन संयुक्त रूप से विधानसभा घेरने के लिए निकलेंगे.
#WATCH | JPSC-JSSC aspirants' protest in Ranchi (Jharkhand) | Student leader Piyush Kumar says, "We are in a wait and watch situation. We are still waiting for the Govt to strike a dialogue with us, they will decide the date and time. We have not received any official intimation… pic.twitter.com/doh16uzRAm
— ANI (@ANI) August 6, 2026
छात्रों ने सरकार पर लगाया अविश्वास का आरोप
धरना स्थल पर मौजूद कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि पहले भी प्रतिनिधियों को बंद कमरे में बुलाकर बातचीत की गई थी, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री स्वयं सार्वजनिक मंच पर आकर छात्रों से बातचीत करते हैं तो समाधान निकल सकता है. छात्रों को आशंका है कि सीमित प्रतिनिधिमंडल के जरिए बातचीत कर आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा सकती है.
#WATCH | Ranchi, Jharkhand: On phone call with Lok Sabha LoP Rahul Gandhi, student leader Ravindra Paswan says, "He asked us about the situation here. We told him about the irregularities in exams here. We told him that they (Congress) is in power here and they should help us. He… pic.twitter.com/xCDBzVOBiy
— ANI (@ANI) August 6, 2026
राहुल गांधी ने छात्रों से की बातचीत
गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से फोन पर बातचीत की. छात्र नेता पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने परीक्षा रद्द करने, जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग राहुल गांधी के सामने रखी. पीयूष के अनुसार राहुल गांधी ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया और कहा कि उनकी बात सरकार तक पहुंचाई जाएगी. इससे पहले राहुल गांधी सोशल मीडिया पर युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर भी जोर दे चुके हैं.
विधानसभा के बाहर भाजपा का प्रदर्शन
छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है. झारखंड विधानसभा के बाहर भाजपा विधायकों ने प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा. भाजपा विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि पार्टी JPSC, JSSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों के साथ खड़ी है. उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की.
देवेंद्र नाथ महतो के अनशन पर भी हुई चर्चा
आंदोलन के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के अनशन को लेकर भी चर्चा रही. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने स्पष्ट किया कि उनके साथ वीडियो संवाद के बाद महतो ने केवल पानी ग्रहण किया था, उन्होंने अपना अनशन समाप्त नहीं किया है. वांगचुक ने मीडिया में आई उन खबरों का खंडन किया जिनमें दावा किया गया था कि देवेंद्र नाथ महतो ने भूख हड़ताल खत्म कर दी है.
सरकार बोली, जांच जारी है
झारखंड सरकार की ओर से मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि JPSC से जुड़ी जो अनियमितताएं सामने आई हैं, वे गंभीर हैं और सरकार उनकी जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. सरकार का कहना है कि जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें : कौन हैं रांची में भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो? JPSC-JSSC छात्र आंदोलन से उभरे, लड़ चुके हैं ये चुनाव
यह भी पढ़ें : JPSC प्रोटेस्ट: छात्रों से राहुल गांधी ने की वीडियो कॉल पर बात, छात्र बोले- आप भी सरकार में, मांगें मनवाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं