रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की. रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने अपने मोबाइल फोन से राहुल गांधी की छात्र नेताओं से बात कराई. करीब 10 मिनट तक चली इस बातचीत में राहुल गांधी ने छात्रों की बातें सुनीं. हालांकि बातचीत में क्या चर्चा हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इससे कुछ घंटे पहले ही राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि हर सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए. राहुल की इस पहल को आंदोलनकारी छात्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
राहुल गांधी से बातचीत पर छात्र नेता रवींद्र पासवान ने पत्रकारों से कहा, "मेरी राहुल गांधी से बातचीत हुई. मैंने उन्हें यहां के ज़मीनी हालात से अवगत कराया, खासकर यह बताया कि कैसे परीक्षा माफिया फल-फूल रहा है. मैंने उनसे कहा कि चूंकि उनकी पार्टी सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है, इसलिए उन्हें इस मामले पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करना चाहिए."
पासवान ने आगे कहा, "राहुल गांधी ने हमसे अपनी मांगें भेजने को कहा. उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया है और मदद के लिए जो कुछ भी उनके अधिकार क्षेत्र में होगा, वह करेंगे."
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था कमजोर होती जा रही है. उन्होंने इसे महंगी और दमनकारी बताते हुए कहा कि छात्रों की परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक शिक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव की जरूरत है ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें.
उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे केवल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं हैं. चाहे केंद्र सरकार हो, कांग्रेस की सरकार हो या झारखंड की गठबंधन सरकार, सभी को विद्यार्थियों की बात सुननी चाहिए और समाधान निकालना चाहिए.
खरगे बोले- छात्र जहां भी संघर्ष करेंगे हम साथ खड़े रहेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रदर्शनकारी छात्रों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि झारखंड, पंजाब या दिल्ली कहीं भी छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी. खरगे ने कहा कि यदि उनकी पार्टी या किसी सहयोगी सरकार से भी कोई गलती होती है तो उसे सुनने और सुधारने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि छात्रों के सवालों को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए.
जेपीएससी परीक्षा विवाद से भड़का आंदोलन
दरअसल छात्र जेपीएससी की 14वीं परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगा रहे हैं. आंदोलन की शुरुआत 25 जुलाई से हुई थी और छात्र परीक्षा रद्द करने के साथ मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. मामले की जांच कर रही राज्य पुलिस की सीआईडी अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं छात्रों से संवाद और समाधान के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने एक समिति का गठन किया है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज की चमकी किस्मत, जम्मू-कश्मीर की टीम में मिला मौका, क्या बना पाएंगे चैंपियन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं