विज्ञापन

'DSP बनने के लिए एक करोड़ दो, पेपर मिल जाएगा'... रांची में छात्रों ने खोली सिस्टम की पोल

JPSC Protest Ranchi: रांची में JPSC के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने दावा किया कि हर साल यहां पर पेपर लीक होते हैं, हर तरह की भर्ती का अलग रेट तय है. छात्रों ने कहा कि सभी परीक्षाओं की जांच होनी चाहिए.

JPSC Protest Ranchi: जेपीएससी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं छात्र

झारखंड के रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. पिछले कई दिनों से अभ्यर्थी यहां धरना दे रहे हैं और परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ मोर्चा खोला है. इस आंदोलन ने अब पूरे राज्य में जोर पकड़ लिया है और अलग-अलग जिलों से छात्र रांची पहुंच रहे हैं. एनडीटीवी इस पूरे प्रोटेस्ट को ग्राउंड पर रहकर कवर कर रहा है और लगातार प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत कर रहा है. इस दौरान एक छात्र ने एनडीटीवी के कैमरे पर ऐसे खुलासे किए, जो हैरान कर देने वाले हैं. 

छात्र का दावा- हर साल बिकते हैं पेपर 

प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने दावा किया कि हर साल यहां पर पेपर लाखों-करोड़ों में बिकते हैं. छात्र ने कहा, "यहां हर साल पेपर लीक होता है और पेपर बिकता है. जैसा पेपर चाहिए, वैसा ही दाम वसूला जाता है. DSP पद के लिए 1 करोड़ रुपये तक मांगे जा रहे हैं, तब जाकर पेपर मिलता है."  आंदोलन कर रहे दूसरे छात्र ने कहा, "हम कड़ी मेहनत करते हैं लेकिन हर बार पेपर लीक हो जाता है. झारखंड में न तो उद्योग हैं और न ही IT सेक्टर, फिर भी परीक्षाओं में लगातार धांधली हो रही है."

NDTV से बात करते हुए छात्रों ने कहा कि "सरकार कह रही है कि कई लोगों को पकड़ा गया है और हम बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन वे सिर्फ 5 छात्रों को बंद कमरे में बुलाना चाहते हैं. हमारी मांग है कि जब तक मुख्यमंत्री खुद मीडिया की मौजूदगी में लाइव बातचीत नहीं करेंगे, तब तक छात्रों को भरोसा नहीं होगा." सीबीआई जांच और रद्द करने की मांग पर छात्रों ने कहा कि सरकार CID से जांच कराने का दावा कर रही है, लेकिन हमें CBI जांच चाहिए. अगर सीआईडी ने मुख्य आरोपी अभय कुमार तिवारी को पकड़ ही लिया है, तो फिर टालमटोल क्यों? परीक्षा को तुरंत रद्द किया जाना चाहिए. 

छात्रों की तरफ से 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल तैयार

झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तरफ से एक 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल बनाया गया है, जिनके नाम सरकार को भेजे गए हैं. इस पैनल में 8 छात्र, 1 वकील और 2 तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं. दूसरी तरफ CID ने इस मामले में 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 19 हो गई है.

ये भी पढ़ें - 13 साल में 12 परीक्षाएं पास, JPSC-JSSC परीक्षाओं में धांधली का मास्टरमाइंड अभय तिवारी कौन है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JPSC Protest, JPSC Protest Latest News, Ranchi Protest, Jharkhand Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com