यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है. यहां गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड, आगरा-लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे जैसे हाईस्पीड एक्सप्रेसवे पर रोजाना लाखों वाहन रफ्तार भर रहे हैं. सरकार इन एक्सप्रेसवे को भी आपस में जोड़ रही है, ताकि कनेक्टिविटी और बेहतर हो सके. यूपी सरकार गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लिंक कॉरिडोर बना रही है. इस लिंक एक्सप्रेसवे को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल गई है. इस प्रोजेक्ट पर 8500 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे. इसके बनने के बाद पश्चिमी यूपी, दिल्ली-एनसीआर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी. इस प्रोजेक्ट से जुड़ी सभी जरूरी बातें यहां जानिए.
कैसे जुड़ेंगे यमुना और गंगा एक्सप्रेसवे?
यह लिंक एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 यानी प्रस्तावित फिल्म सिटी के पास से शुरू होकर बुलंदशहर के स्याना के पास गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. प्रोजेक्ट को शुरुआती तौर पर 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे के रूप में डेवलेप किया जाएगा, जिसे भविष्य में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकेगा.
दिल्ली-NCR से पूर्वी यूपी का सफर होगा आसान
एक्सप्रेसवे बनने के बाद दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम से आने वाले वाहन सीधे यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे. इससे मेरठ, हापुड़, अमरोहा, संभल, शाहजहांपुर, हरदोई और प्रयागराज समेत पूर्वी यूपी के कई शहरों तक यात्रा आसान और तेज हो जाएगी.
जेवर एयरपोर्ट को मिलेगा बड़ा फायदा
इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) को मिलेगा. गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़े जिलों के लोगों को एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे यात्रियों के साथ-साथ कारोबार और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी फायदा होगा.
56 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे कुल 56 गांवों से होकर गुजरेगा. इससे यूपी के बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नजर को सीधा फायदा होगा. जिन गांवों से एक्सप्रेसवे गुजरेगा उसमें 8 गांव गौतम बुद्ध नगर और 48 गांव बुलंदशहर जिले के होंगे. एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का काम जारी है. यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अधिकांश जमीन का अधिग्रहण हो चुका है, जबकि कुछ हिस्सों में प्रक्रिया जारी है.
दो फेज में बनेदा एक्सप्रेसवे
यह लिंक एक्सप्रेसवे दो फेज में तैयार किया जाएगा.
- फेज-1: ग्रेटर नोएडा के भाईपुर ब्राह्मणन से बिचौला तक लगभग 24 किमी
- फेज-2: स्याना क्षेत्र के बिचौला से बहनपुर तक लगभग 50 किमी
इस प्रोजेक्ट में 7 अंडरपास, 11 छोटे पुल, 3 बड़े पुल, 2 अतिरिक्त अंडरपास, 1 फ्लाईओवर और 4 रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 3 घंटे में बीकानेर से कोटपुतली, राजस्थान के 10 शहरों को जोड़ेगा नया एक्सप्रेसवे, दिल्ली-NCR तक कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं