विज्ञापन

पहली बार UPSC को बदलना पड़ा रिजल्ट, 277 से 26 हुई IAS आशुतोष अग्निहोत्री की रैंक

IAS Ashutosh Agnihotri UPSC Result Change: आशुतोष अग्निहोत्री ने यूपीएससी परीक्षा दी और वो पास भी हो गए, लेकिन उन्हें शक हुआ कि उनके रिजल्ट में गड़बड़ी है और एक पेपर के नंबर गलत जोड़े गए हैं.

पहली बार UPSC को बदलना पड़ा रिजल्ट, 277 से 26 हुई IAS आशुतोष अग्निहोत्री की रैंक
आशुतोष अग्निहोत्री की रैंक रिजल्ट के बाद हुई थी चेंज

संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC देशभर के तमाम बड़े एग्जाम करवाता है. इसकी सिविल सेवा परीक्षा की सबसे ज्यादा चर्चा होती है, जिसे पास करने के बाद लोग IAS-IPS बनते हैं. इस परीक्षा का पूरा सिस्टम ऐसे बनाया गया है कि इसमें गलती की गुंजाइश ही नहीं होती है, हालांकि एक बार कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को हैरान करके रख दिया. एक उम्मीदवार के लिए यूपीएससी को अपना रिजल्ट बदलना पड़ा था. यूपी के कानपुर से आने वाले आशुतोष अग्निहोत्री की रैंक 277 से बदलकर 26 की गई, जिसके बाद वो आईएएस अधिकारी बने. 

क्यों बदलना पड़ा रिजल्ट?

दरअसल आशुतोष अग्निहोत्री ने साल 1998 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दी थी, जिसके बाद रिजल्ट में उनकी रैंक 277 आई. आशुतोष बताते हैं कि उन्हें उनके एक दोस्त ने फोन करके बताया कि उनका नाम लिस्ट में नहीं है, ये सुनते ही वो मायूस हो गए. हालांकि कुछ देर बाद फिर से उस दोस्त का फोन आया और उसने बताया कि 277 रैंक मिली है. तब उन्हें लगा कि शायद इंटरव्यू या मेंस में कम नंबर आए होंगे.

नंबर देखकर हुई हैरानी

इस दौरान आशुतोष अग्निहोत्री का चयन यूपी पुलिस सर्विस में भी हो चुका था. इसके लिए वो मुरादाबाद में ट्रेनिंग कर रहे थे. तभी उनके घर पर यूपीएससी की मार्कशीट पहुंच गई, उनके पिता ने हर सब्जेक्ट के नंबर उन्हें बताए. उन्होंने बताया कि बाकी नंबर तो ठीक हैं, लेकिन सेकंड ऑप्शनल पेपर में 70 नंबर आए हैं. ये सुनते ही आशुतोष को शक हुआ, क्योंकि जब पिछली बार उनका पेपर अच्छा नहीं गया था तो उनके 138 नंबर आए थे, जबकि इस बार सब ठीक था. 

UPSC को लिखी चिट्ठी

आशुतोष को शक हुआ कि उन्हें गलत नंबर दिए गए हैं. उन्होंने पता करना शुरू कर दिया कि यूपीएससी में शिकायत कैसे कर सकते हैं. किसी ने उन्हें बताया कि आयोग को चिट्ठी लिख सकते हैं. इसके बाद आशुतोष अग्निहोत्री ने अपने हाथ से एक चिट्ठी लिखी और बताया कि सेकंड ऑप्शनल पेपर में जो नंबर दिए गए हैं, वो उनके नहीं हैं. 

इसके कुछ हफ्ते बाद यूपीएससी ने रिजल्ट में बदलाव कर दिया और उन्हें 277 की जगह 26वीं रैंक मिल गई. आशुतोष को सेकंड ऑप्शनल पेपर में 176 नंबर मिले थे. किसी और के नंबर उनके रिजल्ट में गलती से जुड़ गए थे. ये इतिहास में पहली और आखिरी बार था, जब यूपीएससी को अपना रिजल्ट बदलना पड़ा. 

यूपीएससी चेयरपर्सन का जताया आभार

आशुतोष बताते हैं कि लेफ्टिनेंट जनरल सुरेंद्र नाथ उस वक्त के चेयरपर्सन थे, उनसे मैं 20 साल बाद मिला और आभार प्रकट किया. उन्होंने मुझे बताया कि आज भी आपकी कहानी मुझे याद है. आपकी चिट्ठी मुझे मिली थी, जिसके बाद मैंने इसे ज्वाइंट सेक्रेटरी को दिया, जिसने मुझे बताया कि वाकई गलती हुई है. उन्होंने मुझे बताया कि तुम्हारी आंसर शीट दोबारा चेक कराई गई, जिसके बाद जो नंबर तुम्हें मिले थे, वो मार्कशीट में जोड़ दिए गए. 

कौन हैं आशुतोष अग्निहोत्री?

आशुतोष अग्निहोत्री 1999 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. वो यूपी के कानपुर से आते हैं. आईएएस बनने के बाद उन्हें असम कैडर मिला था. उनके पिता हिंदी और अंग्रेजी के टीचर थे. आशुतोष बताते हैं कि जब वो कक्षा 5 में पढ़ते थे, तब उन्होंने पहली बार कहा था कि वो आईएएस अधिकारी बनेंगे. उनके स्कूल में अधिकारियों को बुलाया जाता था, उन्हें देखते हुए प्रेरणा मिली. अपने इस लंबे करियर के बीच उन्होंने अपनी कई किताबें भी लिखी हैं. 20 साल असम में सेवा करने के बाद उन्हें केंद्र में बुला लिया गया और फिलहाल वो दिल्ली में काम कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें | UPSC में 2 बार फेल होने के बाद IAS बनीं मधुम‍िता, अब आदिवासी छात्रों के करियर को दे रहीं उड़ान

यह भी पढ़ें | JEE Main में बचे हैं सिर्फ इतने दिन, एक्सपर्ट ने बताया कौन सी 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IAS Ashutosh Agnihotri UPSC Result Change, UPSC Rank Change, IAS Ashutosh Agnihotri, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com