अमेरिका की साइबर सिक्योरिटी कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स (Palo Alto Networks) के सीईओ निकेश अरोड़ा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इसके बाद अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना अनुभव शेयर किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की टेक्नोलॉजी को लेकर समझ और भविष्य के प्रति उनका नजरिया उन्हें लगातार प्रभावित करता है. निकेश के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने एआई की उन संभावनाओं पर चर्चा की, जिनसे आम लोगों को फायदा पहुंचाया जा सकता है. इसमें शिक्षा, हेल्थ सर्विसोज और भारत में कारोबार करने के प्रोसेस को आसान बनाना शामिल है. उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने एआई के सुरक्षित इस्तेमाल और गलत लोगों के हाथों में इसके पहुंचने से पैदा होने वाले खतरों को समझने में दिलचस्पी दिखाई. निकेश अरोड़ा ने कहा कि पालो ऑल्टो नेटवर्क्स और वह खुद प्रधानमंत्री के इस विजन को आगे बढ़ाने में सकारात्मक योगदान देने के इच्छुक हैं. आइए जानते हैं गाजियाबाद से अमेरिका की बड़ी टेक कंपनी के सीईओ तक का सफर पूरा करने वाले निकेश अरोड़ा की कहानी.
गाजियाबाद में हुआ जन्म
निकेश अरोड़ा का जन्म 9 फरवरी 1968 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुआ था. उनके पिता भारतीय वायुसेना में अधिकारी थे. इस वजह से बचपन में परिवार का एक शहर से दूसरे शहर में आना-जाना लगा रहता था. उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में पढ़ाई की और दिल्ली के एयर फोर्स स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की. निकेश ने साल 1989 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया. इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए. वहां उन्होंने बोस्टन कॉलेज से फाइनेंस में मास्टर डिग्री और नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की.
Had the pleasure of having a conversation with the Honorable PM Shri Narendra Modi Ji. I am consistently amazed by his grasp of technology and his clarity of vision on how he sees the optimistic side of it. The boundless possibilities of AI and how it is likely to benefit the masses. Be it education, healthcare or ensuring that friction can be removed for doing business in India. He was of course keen to understand how it can be diffused safely and securely and what dangers it poses in the hands of bad actors. Both @PaloAltoNtwks and I look forward to contributing positively to his vision.
— Nikesh Arora (@nikesharora) November 24, 2026
फिडेलिटी से शुरू हुआ करियर, गूगल तक पहुंचे
निकेश अरोड़ा का करियर फाइनेंस सेक्टर से शुरू हुआ. उन्होंने अमेरिका की निवेश कंपनियों पुटनम इन्वेस्टमेंट्स और फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स में काम किया. इसके बाद वह जर्मनी की टेलीकॉम कंपनी डॉयचे टेलीकॉम से जुड़े. यहां उन्होंने टी-मोबाइल इंटरनेशनल के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाली. साल 2004 में निकेश अरोड़ा ने गूगल ज्वाइन किया। यहां उनका करियर तेजी से आगे बढ़ा। करीब 10 साल तक गूगल में काम करते हुए उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं. वह कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर भी रहे. इसके अलावा यूरोप, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका में गूगल के कारोबार की जिम्मेदारी भी उनके पास थी.
सॉफ्टबैंक में बने COO, कभी उत्तराधिकारी की भी थी चर्चा
गूगल के बाद साल 2014 में निकेश अरोड़ा जापान की दिग्गज टेक्नोलॉजी और निवेश कंपनी सॉफ्टबैंक से जुड़ गए. यहां उन्होंने पहले वाइस चेयरमैन और बाद में प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) का पद संभाला. सॉफ्टबैंक में उनका कार्यकाल काफी चर्चित रहा. कंपनी के फाउंडर और प्रमुख मासायोशी सोन के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर भी उनका नाम चर्चा में आया था. हालांकि, जून 2016 में उन्होंने सॉफ्टबैंक छोड़ दिय. इसके बाद उन्होंने कुछ समय निवेशक के तौर पर काम किया.
2018 से संभाल रहे हैं पालो ऑल्टो नेटवर्क्स की कमान
निकेश अरोड़ा जून 2018 में अमेरिका की साइबर सिक्योरिटी कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स से जुड़े. उन्हें कंपनी का चेयरमैन और सीईओ बनाया गया. तब से वह कंपनी की अगुवाई कर रहे हैं. पालो ऑल्टो नेटवर्क्स कंपनियों और सरकारी संस्थानों को साइबर अटैक से बचाने के लिए टेक्नोलॉजी और सिक्योरिटी सॉल्यूशन उपलब्ध कराती है. कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सिक्योरिटी के सेक्टर में भी काम कर रही है. निकेश की अगुवाई में कंपनी ने एआई और साइबर सिक्योरिटी के कारोबार का विस्तार किया है. आज यह दुनिया की प्रमुख साइबर सिक्योरिटी कंपनियों में शामिल है.
उबर समेत कई बड़ी कंपनियों के बोर्ड में भी हैं शामिल
निकेश अरोड़ा सिर्फ पालो ऑल्टो नेटवर्क्स तक सीमित नहीं हैं. वह दुनिया की बड़ी कैब सर्विस कंपनी उबर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हैं. इसके अलावा वह स्विट्जरलैंड की लग्जरी गुड्स कंपनी रिचमॉन्ट के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं