पंजाब पुलिस के एक इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी ने कानून व्यवस्था और पुलिस तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. होशियारपुर जिले के टांडा थाने के तत्कालीन SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय उगाही मामले में गिरफ्तार कर लिया है. नागरा का नाम अमेरिका की जांच एजेंसी FBI द्वारा भी एक ट्रांसनेशनल क्राइम नेटवर्क से जुड़े मामले में सामने आया था. आरोप है कि उन्होंने अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के एक परिवार को झूठे आपराधिक केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही की. पंजाब पुलिस की आंतरिक जांच में भी उनके खिलाफ अवैध वसूली के सबूत मिलने का दावा किया गया है.
कौन हैं गुरिंदरजीत सिंह नागरा?
गुरिंदरजीत सिंह नागरा पंजाब पुलिस में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी हैं और होशियारपुर जिले के टांडा पुलिस स्टेशन में SHO के पद पर तैनात रहे थे. लंबे समय तक पुलिस सेवा में रहने वाले नागरा अचानक उस समय चर्चा में आए जब अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय उगाही और संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े मामले में आरोपी के रूप में नामित किया. FBI की चार्जशीट में दावा किया गया कि नागरा ने कथित तौर पर पंजाब के कुख्यात गैंगस्टरों के साथ मिलकर विदेश में रहने वाले लोगों को निशाना बनाया.
क्या है पूरा मामला?
मामले की शुरुआत जनवरी 2026 में होशियारपुर के मियानी गांव में हार्डवेयर कारोबारी बलविंदर सिंह की हत्या से हुई थी. इस हत्या के मामले में अमेरिका में रहने वाले रिश्तेदार चरणजीत सिंह चन्नी को कथित तौर पर नामजद किया गया था. आरोप है कि इसी केस को आधार बनाकर अमेरिका में रहने वाले परिवार पर दबाव बनाया गया. जांच एजेंसियों के अनुसार, परिवार को चेतावनी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उनके रिश्तेदारों को पंजाब में गंभीर आपराधिक मामलों में फंसा दिया जाएगा.
US authorities claim an “Indian police chief demanded $400,000 from a family in Los Angeles and threatened to frame false murder charges against their family if they didn't pay. America will seek his extradition from India”.
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) July 8, 2026
This is likely reference to Gurinderjit Singh Nagra,… pic.twitter.com/ST1JoyJ1yr
FBI ने क्या आरोप लगाए?
अमेरिका में दर्ज आरोपपत्र के अनुसार, गुरिंदरजीत सिंह नागरा कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे.
आरोपपत्र में यह भी कहा गया कि यह नेटवर्क केवल उगाही तक सीमित नहीं था, बल्कि हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, अपहरण, हथियारों के अपराध और संगठित अपराध गतिविधियों में भी शामिल था.
पंजाब पुलिस की जांच में क्या मिला?
FBI के खुलासे के बाद पंजाब पुलिस ने मामले की अलग से जांच शुरू की. जांच की जिम्मेदारी जालंधर ग्रामीण पुलिस में तैनात IPS अधिकारी विनीत अहलावत को सौंपी गई. पुलिस जांच में अब तक यह सामने आया है कि गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने अमेरिका स्थित परिवार से करीब 16 लाख रुपये की अवैध वसूली की थी. अधिकारियों के अनुसार तकनीकी विश्लेषण, वित्तीय लेन-देन, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं.
गिरफ्तारी के बाद क्या कार्रवाई हुई?
गुरिंदरजीत सिंह नागरा को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित भी कर दिया गया है. पुलिस अब अदालत से रिमांड लेकर पूछताछ करेगी ताकि पूरे नेटवर्क और कथित साजिश का खुलासा किया जा सके.
अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क की जांच
FBI की 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' कार्रवाई के तहत जारी 44 पन्नों के आरोपपत्र में कई देशों में सक्रिय अपराध नेटवर्क का जिक्र किया गया है. जांच एजेंसियों के अनुसार इस नेटवर्क की गतिविधियां भारत, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड तक फैली हुई थीं. अब तक इस मामले में 24 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं.
बढ़ सकती हैं नागरा की मुश्किलें
पंजाब पुलिस और FBI दोनों की जांच में नाम आने के बाद गुरिंदरजीत सिंह नागरा की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. आने वाले दिनों में पुलिस रिमांड के दौरान कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पहली बार पंजाब पुलिस के एक अधिकारी का नाम अमेरिका की FBI द्वारा उजागर किए गए अंतरराष्ट्रीय उगाही नेटवर्क में सामने आया है.
यह भी पढ़ें : भाजपा ने जीतीं 28 सीटें और मेयर बन गया 20 जीतने वाली AAP का; पंजाब में नतीजे पर बवाल
यह भी पढ़ें : पिता चलाते हैं छोटी किराना दुकान, कोटा नहीं जा पाए तो सहरसा में ही 3 भाई-बहनों ने एक साथ क्रैक किया NEET
यह भी पढ़ें : 15 साल पहले चोरी हुई थी राजा जयसिंह की ऐतिहासिक तोप, MP के इस थाने में है 'कैद'; 300 साल पुराना इतिहास दर्ज
यह भी पढ़ें : दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर 10 किमी लंबा जाम; गुरुग्राम में हाईटेंशन लाइन टूटी, इस रास्ते का करें इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं