विज्ञापन

पिता चलाते हैं छोटी किराना दुकान, कोटा नहीं जा पाए तो सहरसा में ही 3 भाई-बहनों ने एक साथ क्रैक किया NEET

बिहार के सहरसा में एक किराना दुकानदार के दो बेटों और एक बेटी ने एक साथ NEET परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया. आर्थिक तंगी के बावजूद तीनों ने घर में रहकर तैयारी की और मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की.

पिता चलाते हैं छोटी किराना दुकान, कोटा नहीं जा पाए तो सहरसा में ही 3 भाई-बहनों ने एक साथ क्रैक किया NEET
किराना दुकानदार के 3 बच्चों ने एक साथ पास किया NEET, सहरसा के भाई-बहनों की सफलता बनी मिसाल
सहरसा:

NEET Success Story: बिहार के सहरसा से एक ऐसी प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जो यह साबित करती है कि सफलता के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी मजबूत इरादे और लगातार मेहनत होती है. आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाले दो भाइयों और एक बहन ने एक साथ NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. तीनों भाई-बहनों के पिता एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं और उसी आमदनी से पूरे परिवार का खर्च उठाते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया गया. नतीजा यह रहा कि तीनों ने एक साथ मेडिकल क्षेत्र में कदम रखने का सपना साकार कर दिखाया. पढ़िए सहरसा से NDTV के लिए गुलशन कुमार की रिपोर्ट.

एक परिवार, तीन सफलताएं

सहरसा निवासी रजनीश कुमार, प्रह्लाद कुमार और उनकी बहन साक्षी ने इस वर्ष NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर एक अनोखा उदाहरण पेश किया है. रजनीश और प्रह्लाद ने सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई की, जबकि साक्षी ने बिहार बोर्ड से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की. अलग-अलग शैक्षणिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद तीनों का लक्ष्य एक ही था और वह था डॉक्टर बनना. आज तीनों भाई-बहनों की सफलता पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

NEET Success Story: इन तीन भाई-बहन ने किया कमाल

NEET Success Story: इन तीन भाई-बहन ने किया कमाल

किराना दुकान से चल रहा था परिवार का गुजारा

तीनों छात्रों के पिता रोहित आनंद एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि बच्चों को कोटा, दिल्ली या अन्य बड़े कोचिंग केंद्रों में भेजा जा सके. रोहित आनंद और उनकी पत्नी पूनम देवी बताते हैं कि उन्होंने बच्चों को साफ कहा था कि वे उन्हें बाहर पढ़ने नहीं भेज सकते, लेकिन उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने देंगे. इसके बाद उन्होंने बच्चों का दाखिला सहरसा के एक स्थानीय कोचिंग संस्थान प्रगति क्लासेज में करा दिया.

NEET Success Story: पिता चलाते हैं किराने की दुकान

NEET Success Story: पिता चलाते हैं किराने की दुकान

सहरसा में रहकर की तैयारी

जहां अधिकतर छात्र NEET की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करते हैं, वहीं इन तीनों भाई-बहनों ने अपने गृह जिले में रहकर ही तैयारी की. तीनों का कहना है कि उन्होंने समय का सही उपयोग किया, नियमित अध्ययन किया और पढ़ाई को लेकर अनुशासन बनाए रखा. तैयारी के दौरान वे एक-दूसरे की मदद भी करते थे. किसी विषय में परेशानी होने पर आपस में चर्चा कर समाधान खोजते थे.

माता-पिता बने सबसे बड़ी ताकत

तीनों भाई-बहनों का कहना है कि सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान उनके माता-पिता का है. जब भी पढ़ाई के दौरान तनाव या निराशा का माहौल बना, माता-पिता ने उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने बच्चों को हमेशा यह भरोसा दिलाया कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती. परिवार का यही भरोसा और सहयोग उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गया.

घर में खुशी का माहौल

तीनों बच्चों के एक साथ NEET पास करने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. रिश्तेदार, पड़ोसी और परिचित लगातार बधाई देने घर पहुंच रहे हैं. पूरे इलाके में इस उपलब्धि की चर्चा हो रही है. परिवार का कहना है कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, संघर्ष और धैर्य का परिणाम है.

दूसरे छात्रों के लिए बनी मिसाल

तीनों छात्रों के शिक्षक चंदन कुमार का कहना है कि यह सफलता उन विद्यार्थियों के लिए बड़ी प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मान लेते हैं. उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र के कई छात्रों ने इस बार NEET में सफलता हासिल की है, लेकिन एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों का एक साथ सफल होना विशेष उपलब्धि है.

यह भी पढ़ें : घुमंतू गाड़िया लोहार परिवार के बेटे ने NEET में रचा इतिहास, सुनील की सफलता से मां के छलक आए आंसू

यह भी पढ़ें : NEET कटऑफ में 69 अंकों का रिकॉर्ड उछाल; 720 में से 213 नंबर भी नहीं ला पाए 10 लाख से ज्यादा छात्र

यह भी पढ़ें : बालोद में मैजिक पिट का कमाल: ग्रे-वॉटर मैनेजमेंट से बदल रही गांवों की तस्वीर, स्वच्छता के साथ जल संरक्षण भी

यह भी पढ़ें : पीएम सूर्य घर योजना : यूपी ने मारी बाजी; 6.74 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम, देशभर में दूसरा स्थान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Neet Success Story, Saharsa, Inspirational Story, NEET Result, NEET UG Result
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com