विज्ञापन

दीपक जलाने से इतने परेशान क्यों हैं CM विजय? बीजेपी ने हिंदू विरोध बताते हुए पूछा सवाल, जानें क्या है SC पहुंचा दीप स्तंभ विवाद

सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंड्रम दीपाथू पर दीप जलाने की अनुमति देते हुए स्पष्ट किया था कि ये अनुमति केवल 2026 के लिए एक बार का विशेष इंतजाम है. आम लोगों को यहां जाने की अनुमति नहीं होगी. अदालत ने स्पष्ट किया था कि इस आदेश को भविष्य में किसी धार्मिक परंपरा, प्रथा और संपत्ति संबंधी अधिकार की मान्यता के रूप में नहीं देखा जाएगा.

दीपक जलाने से इतने परेशान क्यों हैं CM विजय? बीजेपी ने हिंदू विरोध बताते हुए पूछा सवाल, जानें क्या है SC पहुंचा दीप स्तंभ विवाद
तमिलनाडु का दीपम विवाद और सीएम विजय पर बीजेपी का अटैक (PTI)

तिरुपरनकुंड्रम दीपाथून पर कार्तिगई दीपम जलाने के आदेश के खिलाफ अर्जी में तमिलनाडु सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अर्जी में तत्काल सुनवाई की मांग मेंशन नहीं की गई है.  20 नवंबर को आदेश जारी करने वाली जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच आज बैठी नहीं है.  इसका मतलब है कि मंगलवार 24 नवंबर को दीपम जलाने का फैसला बरकरार है. बता दें कि तमिलनाडु की विजय सरकार ने रविवार को ही पुनर्विचार याचिका दाखिल की है.  कार्तिगई दीपम जलाने के आदेश के खिलाफ तमिलनाडु सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची है. इसमें 24 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति देने वाले आदेश पर रोक लगाने की मांग की गई.  राज्य सरकार ने कहा- रस्म पूरी होने के बाद स्थिति बहाल करना मुश्किल होगा.  राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से अपने 20 नवंबर 2026 के आदेश पर पुनर्विचार करने और उस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को 20 नवंबर को कुछ शर्तों के साथ 24 नवंबर 2026 को तिरुपरनकुंड्रम के दीपाथून (पत्थर के बने दीप स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी.  कोर्ट ने यह अनुमति विशेष परिस्थितियों में दी थी और इसके लिए कुछ प्रतिबंध भी तय किए थे.

बीजेपी का सीएम विजय पर वार, दीपक जलाने को लेकर इतने परेशान क्यों हैं?

तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने रविवार को टीवीके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार द्वारा आगामी महाकार्तिक दीपम उत्सव के दौरान तिरुपरनकुंड्रम दीपाथून (पत्थर का स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम समारोह की अनुमति देने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर करने के कदम पर सवाल उठाया है. उन्होंने सरकार पर हिंदू विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया. एक पोस्ट में में नागेंद्रन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचार याचिका दायर करने के TVK के फैसले की निंदा करते हुए सवाल किया कि सरकार तिरुपरनकुंड्रम दीप स्तंभ पर दीपक जलाने का आखिर विरोध क्यों कर रही है? उन्होंने एक्स के अपने हैंडल पर लिखा कि विजय सरकार स्तंभ पर दीया जलाने को लेकर इतनी उत्तेजित क्यों हैं. मैं टीवीके के हिन्दू विरोधी रुख की कड़ी निंदा करता हूं, जिसने आगामी महाकार्तिक दीपम उत्सव पर तिरुपरनकुंड्रम दीये के स्तंभ पर दीया जलाने की अनुमति देने वाले कोर्ट के आदेश पर 'पुनरावलोकन' की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया की जोसेफ विजय दीपक जलाने को लेकर इतना परेशान क्यों हैं, जबकि तिरुपरनकुंड्रम में भगवान मुरुगन का निवास है. सभी सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान कर रहे हैं तो केवल टीवीके सरकार ही पुनर्विचार याचिका दाखिल करने में इतनी जल्दबाजी क्यों कर रही है.  उन्होंने तमिलनाडु के सीएम विजय पर वोट बैंक को खुश करने के लिए धार्मिक राजनीति करने का भी आरोप लगाया.

जनता के पैसे का इस्तेमाल उनकी धार्मिक भावनाओं के खिलाफ कर रहे CM विजय- BJP

उन्होंने क्या हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) जिसका काम मंदिरों की संपत्तियों की रक्षा करना है अब कंधार मलाई को सिकंदर मलाई में बदलने के लिए उतावला हो गया है. विजय को वोट बैंक की राजनीति के लिए इतना गिरना पड़ेगा. उन्होंने दीपक जलाने के खिलाफ कानूनी कार्यवाही के लिए सार्वजनिक धन के उपयोग पर भी आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि सरकार मुरुगन भक्तों के धार्मिक अधिकारों का विरोध करने के लिए करदाताओं के पैसे का उपयोग कर रही है. तिरुपरनकुंड्रम के दीपक स्तंभ पर दीपक जलाने से रोकने के लिए अदालतों में याचिकाएं दायर करने वाली टीवीके सरकार को ये नहीं भूलना चाहिए कि सरकारी वकीलों पर खर्च किया गया हर रुपया जनता का पैसा है जो टैक्स के रूप में दिया जाता है. मुरुगन भक्तों के ही पैसे का इस्तेमाल उनके पूजा करने के अधिकार के खिलाफ तर्क देने के लिए कर रहे हैं. सीएम विजय को किसी भी कीमत पर माफ नहीं किया जा सकता, वह अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं.

सुप्रीम कोर्ट ने 24 एक बार के लिए दीपथून पर कार्तिगई दीपम दीप जलाने की दी थी अनुमति

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक बार के लिए 24 नवंबर को ‘दीपथून' पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. कोर्ट ने कहा था कि केवल मंदिर प्रशासन के अधिकृत व्यक्ति और सरकारी अधिकारी ही दीप जलाने के लिए वहां जा सकते हैं. पीठ ने जरूरत पड़ने पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया था. कोर्ट ने आम लोगों के वहां जाने पर रोक लगा दी थी. ये भी कहा था कि दीप जलाने के समारोह में कोई जुलूस, नारेबाजी या प्रदर्शन नहीं होगा. कोर्ट ने फैसले के उन हिस्सों पर रोक लगा दी थी जिनमें दीपथून पर दीप जलाने की परंपरा को बहाल करने का निर्देश दिया गया था.अदालत की पीठ ने कहा था कि 24 तारीख को समारोह पूरा होने के बाद अधिकृत दल वहां से तुरंत चला जाएगा और कोई अस्थायी वस्तु या ढांचा पीछे नहीं छोड़ेगा. इसी तरह दरगाह और अन्य संस्थानों की वैध धार्मिक गतिविधियों वहां आने-जाने और उनके उपयोग के अधिकार में किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा. 

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था से किसी भी व्यक्ति को पहाड़ी के किसी हिस्से में प्रवेश, कब्जा या नियंत्रण का कोई अतिरिक्त अधिकार नहीं मिलेगा

जानें क्या है विवाद    

यह विवाद थिरुपरनकुंड्रम में एक पहाड़ी के शीर्ष पर मालिकाना हक और धार्मिक अनुष्ठान के स्थान को लेकर हिंदू श्रद्धालुओं तथा हजरत सुल्तान सिकंदर बदुशा औलिया दरगाह (सूफी दरगाह) के बीच है. दरगाह ने पहाड़ी की पूरी चोटी पर अपने अधिकार का दावा करते हुए 'दीपाथून' (पत्थर के खंभे) पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने की याचिका का विरोध किया था.  मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद इस बात पर केंद्रित है कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए. दशकों से पहाड़ी की निचली ढलान पर उचिपिल्लयार मंदिर के पास स्थित ‘दीप मंडपम' में दीप जलाया जाता रहा है.  हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर इससे ऊंचाई पर स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून' पर दीप जलाने की अनुमति मांगी थी. यह स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है. दरगाह पक्ष ने बृहस्पतिवार को शीर्ष अदालत में कहा था कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के पूरे ऊपरी हिस्से का मालिकाना हक उसके पास है. उसने हिंदू श्रद्धालुओं की ओर से दीप जलाने की अनुमति देने के अनुरोध का विरोध किया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deepam Row, Thiruparankundram, Thiruparankundram Deepam Row, Cm Vijay, Supreme Court
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com