- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद आयुष्मान योजना लागू करने का ऐलान किया है.
- उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बंगाल सेवा के लिए हिंसा के चक्र को समाप्त करने की अपील की है
- पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्षों को याद किया और इस जीत को बंगाल की जनता को समर्पित किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में मिली जबरदस्त जीत के बाद दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है. पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पश्चिम बंगाल में कैबिनेट की पहली बैठक में आयुष्मान योजना को लागू किया जाएगा. बता दें कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान केंद्र सरकार की इस योजना को प्रदेश में लागू नहीं किया गया था.
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी बंगाल में ऐसा भयमुक्त वातावरण बनाकर दिखाएगी ये मोदी की गारंटी है. उन्होंने कहा कि आप याद कीजिए बंगाल चुनाव के समय कैसी खबरें आती थीं. हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौतें, लेकिन इस बार पूरे देश ने एक नई खबर सुनी, पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ. पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बंगाल का हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि मेरी सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि आइए हिंसा अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें. किसने किसे वोट दिया, किसे नहीं दिया उससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें.
बंगाल में नया सूर्यादय हुआ है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन जीत के लिए समर्पित किया है. भाजपा की कितनी ही महिला कार्यकर्ताओं को अत्याचार सहने पड़े हैं. आप कल्पना नहीं कर सकते कि केरलम और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ता को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ी है और उन पर कितने जुल्म और अत्याचार हुए हैं. उन्होंने कहा कि मैं आज बंगाल में भाजपा की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को और उनके परिवारों को देता हूं. मैं ये जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं. अभी 4 मई की ये शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है.
'बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है'- BJP मुख्यालय से PM मोदी का संबोधन#BJP | #PMModi | #ResultsWithNDTV pic.twitter.com/gXFAeNTiqX
— NDTV India (@ndtvindia) May 4, 2026
भारत ने दिखाया क्यों है वो मदर ऑफ डेमोक्रेसी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि जय पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है, लेकिन पांच प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व के दिखाया है ये हमारा भारत, मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, डेमोक्रेसी, हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है. ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है. असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है. ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं