विज्ञापन

2021 से मिले सबक, जिनसे बीजेपी ने बदली रणनीति और ढहा दिया 'दीदी का किला'

2021 से सबक लेते हुए बीजेपी ने ममता पर निजी हमलों से दूरी रखी, जमीनी नेताओं पर भरोसा किया, संगठन में एकता बनाए रखी और लोकल मुद्दों, खासकर महिला सुरक्षा को केंद्र में रखकर रणनीति बदली, जिसका असर भवानीपुर में दिखा.

2021 से मिले सबक, जिनसे बीजेपी ने बदली रणनीति और ढहा दिया 'दीदी का किला'

पश्चिम बंगाल की राजनीति में 2026 का जनादेश सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि रणनीतिक बदलाव की कहानी भी है. 2021 में मिली करारी हार के बाद बीजेपी ने आत्ममंथन किया, अपनी कमजोरियों को पहचाना और उसी के आधार पर नई चुनावी रणनीति तैयार की. इस बार पार्टी ने आक्रामकता से ज्यादा संतुलन, चेहरों से ज्यादा संगठन और नारों से ज्यादा जमीनी मुद्दों पर भरोसा किया, जिसका नतीजा सीधे तौर पर नजर आया.

डायरेक्ट अटैक से परहेज, नैरेटिव की नई रणनीति

2021 के चुनाव में बीजेपी का कैंपेन काफी हद तक ममता बनर्जी पर केंद्रित था. 'दीदी vs बीजेपी' का सीधा मुकाबला बनाकर पार्टी ने चुनाव को व्यक्तित्व आधारित बना दिया था, जिसका फायदा टीएमसी को मिला. लेकिन 2026 में बीजेपी ने इस रणनीति को पूरी तरह बदला. इस बार ममता बनर्जी पर व्यक्तिगत हमलों से दूरी बनाई गई और फोकस सरकार की नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और स्थानीय असंतोष पर ज्यादा रखा गया. इससे चुनाव का नैरेटिव व्यक्ति से हटकर मुद्दों पर शिफ्ट हो गया, जो बीजेपी के लिए ज्यादा अनुकूल साबित हुआ.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- भाजपा की सुनामी में कैसे उड़ गया भवानीपुर का 'सेफ किला'? आखिर अपनी सीट भी क्यों नहीं बचा पाईं सीएम ममता? हार के 5 बड़े कारण

VIP चेहरे नहीं, जमीनी कार्यकर्ताओं पर दांव

2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कई हाई-प्रोफाइल चेहरों और दल-बदलुओं को टिकट दिया था, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं में असंतोष उपजा था. इस बार (2026) की चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए, पार्टी ने VIP चेहरों के बजाय जमीनी कार्यकर्ताओं (Grassroots Workers) पर दांव लगाया है. इसका दोहरा फायदा हुआ. एक तरफ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा, दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर चुनावी मैनेजमेंट ज्यादा प्रभावी हुआ. 

कुल मिलाकर, 2021 की गलतियों से सीखते हुए, भाजपा ने 2026 में जमीनी स्तर पर 'माइक्रो-मैनेजमेंट' और स्थानीय कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ने की नीति अपनाई है.

बंगाल में भव्य जीत के बाद भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में जश्न.

बंगाल में भव्य जीत के बाद भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में जश्न.

आंतरिक कलह पर सख्ती, एकजुटता पर जोर

बीजेपी की एक पुरानी रणनीति रही है कि चुनाव के समय संगठन के भीतर विरोध को पनपने नहीं दिया जाता. 2021 में यह संतुलन कुछ हद तक बिगड़ा था, लेकिन 2026 में पार्टी ने इसे अपनी प्राथमिकता बनाया. टिकट बंटवारे से लेकर प्रचार तक, हर स्तर पर असंतोष को तुरंत संभाला गया. वरिष्ठ नेतृत्व ने लगातार मॉनिटरिंग की, जिससे पार्टी एकजुट नजर आई. यह एकजुटता चुनावी मैदान में सीधे तौर पर असर डालती दिखी.

यह भी पढ़ें- कौन हैं अग्निमित्रा पॉल? ममता बनर्जी जैसी फायरब्रांड नेता, बंगाल BJP में सीएम पद की दावेदारों में शामिल

लोकल मुद्दों पर सीधा हमला

इस बार बीजेपी ने राष्ट्रीय मुद्दों के बजाय स्थानीय समस्याओं को अपना हथियार बनाया. पंचायत स्तर से लेकर शहरी इलाकों तक, बिजली, पानी, भ्रष्टाचार, कटमनी, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक पक्षपात जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाया गया. इस रणनीति ने बीजेपी को बाहरी पार्टी के टैग से बाहर निकलने में मदद की और उसे एक लोकल विकल्प के रूप में स्थापित किया.

महिला सुरक्षा बना बड़ा चुनावी मुद्दा

महिला सुरक्षा इस चुनाव में बीजेपी के लिए सबसे प्रभावी मुद्दों में से एक बनकर उभरा. पार्टी ने संदेशखाली और आरजी कर जैसे मामलों को लगातार उठाया और इसे कानून-व्यवस्था की विफलता से जोड़ा. सबसे अहम बात यह रही कि बीजेपी ने सिर्फ मुद्दा उठाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि पीड़ित महिलाओं को चुनावी प्रक्रिया में शामिल किया. उन्हें टिकट दिया और मंच पर जगह दी. इससे पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वह महिलाओं की आवाज को सीधे राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बदलना चाहती है.

यह भी पढ़ें- अविवाहित, ब्राह्मण और बड़े नेता के बेटे... ममता के सिपहसालार रहे शुभेंदु अधिकारी ने कैसे बंगाल में दिलाई विजय

‘पीड़िता से प्रत्याशी' संदेश की ताकत

संदेशखाली से लेकर आरजी कर तक, जिन महिलाओं ने अत्याचार झेला, उन्हें या उनके परिजनों को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाकर चुनाव मैदान में उतारा. यह कदम प्रतीकात्मक ही नहीं, बल्कि रणनीतिक भी था. इससे बीजेपी ने एक मजबूत भावनात्मक और नैतिक नैरेटिव तैयार किया कि वह सिर्फ विरोध नहीं कर रही, बल्कि बदलाव का मंच भी दे रही है. इसका असर महिला वोटर्स पर खास तौर पर देखने को मिला.

रणनीति बदली, समीकरण बदले

2021 की हार से सीखे गए सबक. जैसे ओवर-अटैक से बचना, संगठन को मजबूत करना, लोकल मुद्दों पर फोकस और सही उम्मीदवार चुनना. इन सभी ने मिलकर बीजेपी की जीत की नींव रखी. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com