- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में बीजेपी को 294 सीटों में से 198 सीटों पर बढ़त हासिल है
- टीएमसी अब तक 90 सीटों तक सिमटती दिखाई दे रही है, जबकि 15 साल से सत्ता में थी
- कोलकाता की 11 सीटों में से 6 पर बीजेपी आगे चल रही है, टीएमसी को केवल 5 सीटें मिल रही हैं
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती जारी है. अब तक के रुझानों में बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिल गया है. बंगाल की 294 में से 198 सीटों पर आगे चल रही है. टीएमसी 90 सीटों पर सिमटती दिख रही है. इस बीच टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन का एक बयान वायरल हो रहा है, जो उन्होंने 7 अप्रैल को दिया था. इसमें उन्होंने कहा था कि अगर कोलकाता में बीजेपी जितनी सीटें जीतेगी, टीएमसी के उतने सांसद अपना सिर मुंडवा लेंगे.
कोलकाता में 11 सीटें आती हैं. ये सीटें- काशीपुर-बेलगछिया, श्यामपुकुर, माणिकतला, जोरासांको, चौरंगी, एंटली, बालीगंज, भवानीपुर, राशबेहारी, टॉलीगंज और कोलकाता पोर्ट हैं.
चुनाव नतीजों के बीच डेरेक ओ'ब्रायन का जो बयान वायरल हो रहा है, उसमें वह कह रहे हैं कि 'हम बड़ी-बड़ी बातें नहीं करेंगे. हम 4 मई तक का इंतजार करेंगे. कोलकाता में 11 सीटें हैं. बीजेपी के 1 सीट जीतने पर टीएमसी का एक सांसद अपना सिर मुंडवा लेगा.'
उनका यह बयान इसलिए वायरल हो रहा है, क्योंकि बंगाल में बीजेपी की जबरदस्त लहर चली है. कोलकाता की 11 में से 6 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है. जिन 6 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है, उनमें काशीपुर-बेलगछिया, श्यामपुकुर, माणिकतला, जोरासांको, राशबेहारी और टॉलीगंज शामिल हैं. भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगे चल रही हैं.
Narendra, aapne announce kiya tha, Bangal ki sabhi 294 seats par aap hi candidate hain
— Derek O'Brien | ডেরেক ও'ব্রায়েন (@derekobrienmp) April 29, 2026
Badi-badi baat chhodiye. Ye challenge sweekar kijiye
4 May ko jab Mamata Banerjee aur TMC Bangal jeetenge, PRADHAN MANTRI PAD SE RESIGNATION DIJIYE
Hain dum? pic.twitter.com/0i81SHyhOf
इसके अलावा, डेरेक ओ'ब्रायन का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने सीधे-सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी थी. यह वीडियो 29 अप्रैल का है. इसमें उन्होंने कहा था, 'आपने कहा था कि बंगाल की सभी 294 सीटों पर आप ही उम्मीदवार हैं. बड़ी-बड़ी बात छोड़िए. ये चैलेंज स्वीकार कीजिए. 4 मई को जब ममता बनर्जी और टीएमसी बंगाल जीतेंगे, प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. है दम?'
बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. बीजेपी ने 2021 के चुनाव में 77 सीटें जीती थीं. इस बार बीजेपी बंगाल में डबल सेंचुरी लगाती दिख रही है. बंगाल में बीजेपी का वोट शेयर भी बढ़ गया है. पिछली बार बीजेपी को 38 फीसदी वोट मिले थे. इस बार बीजेपी का वोट शेयर 45 फीसदी से ज्यादा है. वहीं, 15 साल से सत्ता में काबिज टीएमसी इस बार 90 से भी कम सीटों पर सिमटती दिख रही है.
यह भी पढ़ेंः '5M फैक्टर', कई जिलों में TMC का सूपड़ा साफ... बंगाल को BJP ने कैसे किया 'भगवा-भगवा'?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं