- मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून गुजरात से बिहार तक पहुंच चुका है और अगले चार दिनों में अन्य राज्यों में बढ़ेगा
- दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून जुलाई के पहले सप्ताह में पहुंचने की संभावना है
- अगले तीन दिनों में पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है
Kal Ka Mausam 27 July 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदल चुका है. मॉनसून भी देश के कई राज्यों तक दस्तक दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून गुजरात से लेकर बिहार तक के क्षेत्र तक पहुंच चुका है. वहीं अगले 3-4 दिनों में देश के अन्य हिस्सों में मॉनसून दस्तक देगा. मौसम विभाग ने कल दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, यूपी राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.
कहां तक पहुंचा मॉनसून? IMD का क्या अपडेट
सबसे पहले मॉनसून की बात करते हैं. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में लोग टकटकी बांध मॉनसून की राह देख रहे हैं. देश के ज्यादातर हिस्सों में या तो मॉनसून या फिर प्री-मॉनसून की गतिविधियां शुरू हो गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 26 जून तक मॉनसून की उत्तरी रेखा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है.
अगले 3-4 दिनों में मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बचे या कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.
🌧️ IMD Weather Warning | Heavy Rainfall Alert ⚠️
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 26, 2026
Heavy to very heavy rainfall (7–20 cm) is likely over Northeast India and Sub-Himalayan West Bengal & Sikkim during this week.
⛈️ Isolated extremely heavy rainfall is expected over Sub-Himalayan West Bengal and Sikkim from 27th… pic.twitter.com/wcsdd0n332
दिल्ली-NCR में कब पहुंचेगा मॉनसून?
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने वाली है, लेकिन मॉनसून के इंतजार को अभी कुछ और दिन बढ़ना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पहले जहां 27 जून तक दिल्ली में मॉनसून के प्रवेश की संभावना जताई गई थी, वहीं अब इसके जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर पहुंचने की उम्मीद है.
हालांकि इस दौरान प्री-मॉनसून गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी, जिससे हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज सतही हवाओं के कारण तापमान में राहत महसूस होगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कई दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को लू और उमस से राहत मिलेगी.

कहां कैसा रहेगा मौसम?
- IMD के अनुसार, इस हफ्ते पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. साथ ही, 27 से 29 जून के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है.
- अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है.
- 26-30 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में और 26-29 जून के दौरान उत्तराखंड में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
- 26 जून से 2 जुलाई तक राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
- हिमाचल प्रदेश में 1-2 जुलाई और उत्तराखंड में 30 जून से 2 जुलाई के बीच कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है.
- मध्य प्रदेश में 26 जून से 2 जुलाई के बीच, विदर्भ में 26-27 जून और 30 जून से 1 जुलाई के बीच और छत्तीसगढ़ में 26 जून को कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है.
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26 जून से 2 जुलाई के बीच, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 29 जून से 2 जुलाई के बीच, झारखंड और ओडिशा में 28 जून से 2 जुलाई के बीच, बिहार में 28-29 जून के बीच बारिश की संभावना है.
- अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 26 जून से 2 जुलाई के दौरान और असम और मेघालय में 27 जून से 2 जुलाई के दौरान बारिश होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: Rain Alert: दिल्ली NCR में 6 दिन लगातार बारिश के आसार, यूपी-उत्तराखंड की ओर बढ़ा मॉनसून, जानें IMD अलर्ट, आज का मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं