विज्ञापन
This Article is From Jan 28, 2021

दिल्ली-NCR में फिर लौट सकती है शीतलहर, ठंड और गलन बरकरार, कोहरे ने थामी रफ्तार, 17 ट्रेनें चल रहीं लेट

Weather Forecast: IMD ने अनुमान डताया है कि आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. कोहरे और प्रदूषण की वजह से दिल्ली में वायु की गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई है. सफर के मुताबिक आज सुबह शहर में AQI 321 दर्ज किया गया जो बहुत खराब कैटगरी में आता है.

दिल्ली-NCR में फिर लौट सकती है शीतलहर, ठंड और गलन बरकरार, कोहरे ने थामी रफ्तार, 17 ट्रेनें चल रहीं लेट
Mausam Updates: IMD ने कहा है कि मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवाओं से पारा और नीचे गिर सकता है.
  • दिल्ली-एनसीआर में लौट सकती है शीतलहर, कड़ाके की ठंड जारी
  • फरवरी के शुरुआत में फिर हो सकती है बारिश और बर्फबारी
  • कोहरे का कहर भी जारी है, नई दिल्ली पहुंचने वाली आज 17 ट्रेनें लेट हैं
नई दिल्ली:

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी है. हिमालयी हवाओं के आने से दिल्ली-एनसीआर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है. बर्फीली हवाओं की वजह से गलन ज्यादा है. आज (गुरुवार) की सुबह 5.30 बजे दिल्ली के पालम में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और सफदरजंग में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दिल्ली और आसपास के इलाके आज सुबह भी घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक फिलहाल इससे छुटकारा मिलने के आसार नहीं हैं.

IMD ने अनुमान जताया है कि आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. कोहरे और प्रदूषण की वजह से दिल्ली में वायु की गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई है. सफर के मुताबिक आज सुबह शहर में AQI 321 दर्ज किया गया जो बहुत खराब कैटगरी में आता है.

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, यूपी, बिहार को कोहरे से अभी राहत नहीं

दिल्ली के पंजाबी बाग, आनंद विहार, गाजीपुर के इलाकों में घने कोहरे का असर देखा गया. दिल्ली के अलावा एनसीआर के कई शहरों में भी घना कोहरा छाया रहा. इस वजह से नई दिल्ली पहुंचने वाली 17 ट्रेनें देरी से चल रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोहरे का कहर जारी रह सकता है. IMD ने अनुमान जताया है कि एक फरवरी के आसपास फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसकी वजह से पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है. इससे ठंड और बढ़ सकती है.

उत्तर-मध्य भारत में कड़ाके की ठंड ने दी दस्तक, बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन

बता दें कि बुधवार को दिल्ली के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई थी और यह 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन हालांकि न्यूनतम तापमान  सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी शीतलहर की चपेट में रही और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था. आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान है, इसलिए शीतलहर की स्थिति वापस आ सकती है.

IMD ने कहा है कि मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवाओं से पारा और नीचे गिर सकता है. मैदानी इलाकों में यदि न्यूनतम तापमान गिरकर चार डिग्री सेल्सियस तक हो जाता है तो आईएमडी शीतलहर की घोषणा कर देता है. गंभीर शीतलहर की स्थिति तब होती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया जाता है. दिल्ली में रविवार को "सर्द दिन" दर्ज किया गया था. उस दिन अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम था. यह इस महीने सबसे कम तापमान था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Updates, Weather Today, Delhi Weather Updates, Weather Update In Delhi-NCR, Delhi Weather Forecast Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com