विज्ञापन

कल का मौसम: दिल्ली में जहरीली हवा, दक्षिण भारत में बारिश का कहर; IMD का 15 राज्यों के लिए अलर्ट

कल का मौसम, 5 नवंबर 2026: IMD ने कल देश के 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में प्रदूषण और ठंड बढ़ रही है. जानिए आपके यहां कैसा मौसम रहेगा.

कल का मौसम: दिल्ली में जहरीली हवा, दक्षिण भारत में बारिश का कहर; IMD का 15 राज्यों के लिए अलर्ट
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update
IANS
  • दिल्ली-एनसीआर में बारिश बंद होने के बाद ठंड बढ़ी है और हवा की AQI गंभीर स्तर पर पहुंचा
  • दिल्ली-एनसीआर में कल आसमान साफ रहेगा, न्यूनतम तापमान 15-17 से डिग्री के बीच रहने का अनुमान
  • उत्तर प्रदेश और बिहार में कल मौसम शुष्क और साफ रहेगा, बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है

Kal Ka Mausam 5 November 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. पहले अर्नब और फिर मुरासु चक्रवात की वजह से कई राज्यों में बारिश हुई. अब उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां कम हो रही हैं. लेकिन दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में अभी भी बारिश जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 5 नवंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसमें तमिलनाडु, केरल से लेकर ओडिशा तक शामिल है. वहीं दिल्ली और यूपी जैसे राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली की हवा खराब, ठंड भी बढ़ी

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. बारिश की गतिविधियां अब रुक गई हैं. लेकिन सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है. वहीं प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है. दिल्ली के कई इलाकों का एक्यूआई गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है. कल भी दिल्ली-एनसीआर का आसमान साफ रहेगा. सुबह कुछ इलाकों में धुंध देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय उत्तर-पश्चिमी दिशा से लगभग 15 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर में बढ़कर 20 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं. कहीं बारिश को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है.

दिल्ली के कई इलाकों में 400 और 450 के पार पहुंच गया है, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है. दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक्यूआई 450 दर्ज किया गया. वहीं, आईआईटी दिल्ली में 453, अलीपुर में 422, आईटीओ में 421 और बवाना में 411 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा आनंद विहार (302), अशोक विहार (348), आया नगर (382), बुराड़ी क्रॉसिंग (393) और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (411) जैसे इलाकों में भी हवा की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक है. नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 426 तक पहुंच गया है, जबकि सेक्टर-150 में 351, सेक्टर-110 में 349 और सेक्टर-39 में 321 एक्यूआई दर्ज किया गया. हालांकि, सेक्टर-125 (243) और सेक्टर-116 (261) में हवा कुछ राहत देने वाली है, लेकिन यह अभी भी 'खराब' श्रेणी में ही है.

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में भी अब मौसम ने करवट ले ली है. यहां भी बारिश का दौर थम गया है. इसी के साथ कुछ जिलों में ठंड का अहसास शुरू हो गया है. मौसम विभाग का कहना है कि कल कल पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों ही क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है, बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.

इसके अलावा बिहार में भी कल मौसम शुष्क बना रहेगा. यहां भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. मौसम पूरी तरह से सामान्य रहेगा.

तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट

चक्रवात मुरासु अब कमजोर हो गया है, लेकिन इसका असर अभी भी देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने कल तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है. तमिलनाडु के साथ ही पुडुचेरी में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

कर्नाटक-केरल में भारी बारिश

मौसम विभाग ने कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक हिस्सों में कल बारिश की संभावना है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक में कल आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने की भी चेतावनी है.

केरल में भी कल बारिश की संभावना है. इस दौरान मौसम विभाग ने क्षेत्र में आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार कल ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार हैं. कल ओडिशा में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है.

इसके अलावा छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की या छिटपुट बारिश की संभावना है. कल यहां भारी बारिश या तेज आंधी का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

  • भारी बारिश: तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक
  • मध्यम बारिश: केरल, ओडिशा, तेलंगाना, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह
  • हल्की बारिश: आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा

यह भी पढ़ें | कल का मौसम: आंध्र-छत्तीसगढ़-ओडिशा समेत 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट, साइक्लोन मुरासु का कहर 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Weather Update, Weather Update Delhi, Weather Tomorrow, Weather Tomorrow Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com