- भारतीय मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में भारी बारिश और मैदानी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है.
- 25 नवंबर को केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में आंधी-तूफान, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है.
- पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम होकर यातायात प्रभावित हो सकता है.
Kal Ka Mausam 25 November 2026: देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और कुछ मैदानी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी हवाओं और बने हुए मौसमीय सिस्टम के कारण दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान और कोहरे की स्थिति में भी बदलाव देखने को मिलेगा.
कल, 25 नवंबर को केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) के साथ भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही, लक्षद्वीप में भी व्यापक स्तर पर बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ेगा, जिसके तहत कल सुबह पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही, पहाड़ी राज्यों से सटे मैदानी इलाकों में भी अलसुबह कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. IMD के मुताबिक 26 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसका असर पहाड़ों पर हल्के मौसम परिवर्तन के रूप में दिखेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में बड़ी बारिश की संभावना नहीं है. उत्तर भारत में ठंड धीरे-धीरे और बढ़ेगी. शीतलहर का अभी कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन रात का पारा लगातार नीचे जाएगा. जिससे ठंड का असर और बढ़ने वाला है.
श्रीनगर में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में मंगलवार को इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया. यहां पारा गिरकर -1.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने नवंबर महीने के आखिर तक रात के तापमान में और गिरावट का अनुमान लगाया है. स्थानीय मौसम विभाग (एमईटी) के निदेशक मुख्तार अहमद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, "आज -1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है." उन्होंने आगे कहा, "चूंकि नवंबर के अंत तक मौसम के शुष्क बने रहने की उम्मीद है, इसलिए रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है."
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड
बदलते मौसम का असर अब दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में साफ दिखाई देने लगा है. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार गिरते तापमान के चलते ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम में बदलाव के साथ ही रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में सुबह और रात के समय ठंड का असर और अधिक महसूस होगा. मौसम विभाग की ओर से जारी 24 से 29 नवंबर तक के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान में लगातार हल्के कोहरे की संभावना जताई गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. खास बात यह है कि अगले छह दिनों के पूर्वानुमान में हर दिन कोहरे की स्थिति दर्शाई गई है.
ये भी पढ़ें : पंजाब में 'बड़े भाई' के साथ ऐसे होगा सीट बंटवारा... BJP-अकाली दल में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं