विज्ञापन

Video: 'थोड़ी दिक्कत हुई लेकिन अच्छा लगा', बंगाल में मदरसों में गूंजा वंदे मातरम, 1 जून से शुभेंदु सरकार ने किया अनिवार्य

पश्चिम बंगाल में गर्मी की छुट्टियों के बाद 1 जून से सरकारी स्कूल खुले और आज सभी स्कूलों में वंदे मातरम गाया गया.

जलपाईगुड़ी के मदरसे में वंदे मातरम का गायन
NDTV

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद आज 1 जून से एक नई शुरुआत हो गई है. आज, 1 जून से पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रार्थना के दौरान वंदे मातरम गाया गया. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद ही इस संबंध में  26 मई को आदेश जारी कर स्कूलों में वंदे मातरम गाने को अनिवार्य कर दिया था. वैसे राज्य में पहले से भी पारंपरिक रूप से शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान "जन गण मन" गाया जाता रहा है, लेकिन नए दिशानिर्देशों के तहत अब आज से वंदे मातरम का भी गायन शुरू हो गया है. आज पश्चिम बंगाल में मदरसों में भी राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम का गायन किया गया.

उत्साह के साथ शिक्षकों के साथ गाया

जलपाईगुड़ी जिले के पथकिदाह इस्लामिया हाई मदरसा में आज सुबह करीब 11 बजे, छात्र अपने शिक्षकों के साथ सुबह की सभा में खड़े हुए और सबसे पहले वंदे मातरम गाया. इसके बाद छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर राष्ट्रगान "जन गण मन अधिनायक जय हे" गाया. पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों में उत्साह और उमंग स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी. वे अपने शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक राष्ट्रगान गाते हुए नजर आए.

मदरसे के प्रधानाध्यापक, शिक्षण स्टाफ और छात्रों ने बताया कि यह पहल राष्ट्र के प्रतीकों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में की गई है. उन्होंने नए दिशा-निर्देशों के अनुसार सुबह की सभा में वंदे मातरम और जन गण मन गाने में भाग लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की. 

1 जून से राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में वंदे मातरम अनिवार्य हुआ

1 जून से राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में वंदे मातरम अनिवार्य हुआ
Photo Credit: NDTV

स्कूल के शिक्षक एम डी सादिक अली ने कहा,"सरकार का जो नियम है हमने उसका पालन करते हुए पूरे उत्साह के साथ जन-गण-मन और वंदे मातरम का गायन किया. पहले भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में मदरसे में वंदे माररम गाया जाता था."

एक छात्रा ने कहा,"वंदे मातरम गाकर अच्छा लगा, पहले दिन थोड़ी दिक्कत हुई क्योंकि पूरा याद नहीं था."

एक छात्रा ने कहा कि अभी उसे पूरा वंदे मातरम याद नहीं हुआ है

एक छात्रा ने कहा कि अभी उसे पूरा वंदे मातरम याद नहीं हुआ है
Photo Credit: NDTV

अन्य जिलों में भी गाया गया वंदे मातरम

उत्तर दिनाजपुर जिले के विभिन्न स्कूलों में भी वंदे मातरम गाया गया. इस्लामपुर हाई स्कूल, इस्लामपुर गर्ल्स हाई स्कूल में खुदीराम पल्ली हाई स्कूल में भी यह नजारा देखा गया है। बच्चों में काफी उत्साह देखा गया.

मुर्शिदाबाद जिले के भाब्ता अज़ीज़िया हाई मदरसे के छात्रों ने भी वंदे मातरम गाया और वहां भी इसे लेकर उत्साह का माहौल रहा. स्कूल की एक छात्रा ने कहा,"सरकारी नियमानुसार हमें जो गाने के लिए कहा गया उसका हमने बहुत अच्छी तरह पालन किया और भविष्य में भी करते रहेंगे."

ये भी पढ़ें-: 'जो मौजूद ही नहीं, उनके हस्ताक्षर कैसे?' अभिषेक बनर्जी पर सवाल उठाते ही 2 विधायक TMC से आउट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com