विज्ञापन

शादी का प्रेशर बना रही थी युवती तो दुपट्टे से ही गला दिया घोंट, बंगाल से फरार आरोपी दिल्ली में ऐसे पकड़ा गया

पश्चिम बंगाल में युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने आनंद विहार से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पांच दिन से फरार था.

शादी का प्रेशर बना रही थी युवती तो दुपट्टे से ही गला दिया घोंट, बंगाल से फरार आरोपी दिल्ली में ऐसे पकड़ा गया
दिल्ली और बंगाल पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है.
NDTV
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कोलकाता में एक युवती की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली के आनंद विहार ISBT से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 26 साल के धर्मवीर कुमार के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का रहने वाला है और पिछले 4-5 महीने से दिल्ली के होलंबी कलां में किराए के कमरे में रह रहा था. 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आनंद विहार बस अड्डे के पास फूड कोर्ट के नजदीक पकड़ा गया, जहां से वह दिल्ली छोड़कर किसी दूसरी जगह छिपने की फिराक में था.

क्या था पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कुछ साल पहले ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए कोलकाता की रहने वाली युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती हो गई. इसी सिलसिले में धर्मवीर उससे मिलने पश्चिम बंगाल भी गया था. 

10 नवंबर को वह दोबारा युवती से मिलने उसके फ्लैट पर पहुंचा था. आरोप है कि इस दौरान युवती ने उस पर शादी करने और उसे अपने साथ दिल्ली ले जाने का दबाव बनाया. युवती पश्चिम बंगाल में नहीं रहना चाहती थी. 

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने कथित तौर पर युवती के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. इससे युवती की मौत हो गई.

यह भी पढ़ें | एकतरफा प्यार, अनबन और फिर रेत दिया गला...दिल्ली में महिला का ट्रायल रूम में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार

हत्या के बाद भाग गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद किया और मौके से फरार हो गया. 

10 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच हत्या की गई थी. 11 नवंबर को युवती के पिता राजेंद्र प्रसाद शॉ ने बरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. 

उन्होंने बताया कि उनकी बेटी फोन नहीं उठा रही थी. इसके बाद पुलिस फ्लैट पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. वहां युवती बेड पर मृत पड़ी मिली. उसके गले में दुपट्टा बंधा हुआ था. 

उसे तुरंत बरानगर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

दिल्ली क्राइम ब्रांच को आरोपी के दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद DCP क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के निर्देश पर ACP राजपाल डबास की निगरानी में इंस्पेक्टर सतीश मलिक के नेतृत्व में टीम बनाई गई. 

पुलिस ने बवाना इलाके में मुखबिरों को सक्रिय किया और CCTV फुटेज के साथ तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी. 

जांच के दौरान उसकी लोकेशन आनंद विहार ISBT के पास मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

बंगाल पुलिस के हवाले आरोपी

इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस के साथ पश्चिम बंगाल के बरानगर थाने की पुलिस टीम भी शामिल थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली क्राइम ब्रांच के द्वारका स्थित कार्यालय लाया गया. 

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी असम के गुवाहाटी के अजारा थाने में साल 2019 में मामला दर्ज हुआ था. उस मामले में IPC की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Woman Murder Case, Delhi Crime News, West Bengal Police, Crime News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com