पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता ही आपस में भिड़ गए. इस झड़प में एक की मौत हो गई. घटना उत्तर 24 परगना जिले के पानीहटी की है. पुलिस ने बताया कि मारपीट में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब एक स्थानीय कारोबारी के साथ मारपीट की गई. पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम अरूप साहा है.
क्या हुआ था?
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम को जब अरूप की पत्नी रूमा साहा (भाजपा नेता) ने एक कारोबारी पर हुए हमले का विरोध किया, तो पार्टी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की.
इस पर अरूप साहा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की जिसके बाद उन पर हमला कर दिया गया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'शुरुआती जांच से पता चलता है कि पानीहटी मंडल-1 के भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पर एक कारोबारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगने के बाद विवाद शुरू हुआ था.'
उन्होंने बताया कि उसी मंडल की भाजपा सचिव रूमा साहा ने मारपीट पर आपत्ति जताई, जिसके बाद पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की.
यह भी पढ़ें | शादी का प्रेशर बना रही थी युवती तो दुपट्टे से ही गला दिया घोंट, बंगाल से फरार आरोपी दिल्ली में ऐसे पकड़ा गया
इतना पीटा कि हो गई मौत
रूमा साहा के पति अरूप साहा भी भाजपा से जुड़े थे. जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने रूमा साहा के साथ बदसलूकी की तो अरूप ने बीच-बचाव किया, लेकिन कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां आज सुबह चोटों के कारण उनकी मौत हो गई.
उन्होंने बताया, 'उनकी पत्नी का आरोप है कि इस घटना के पीछे पार्टी के वे कार्यकर्ता हैं, जो पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए.'
अरूप की पत्नी रूमा ने यह भी आरोप लगाया कि ये कार्यकर्ता पार्टी के भीतर लगातार हंगामा और अशांति पैदा कर रहे थे.
पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'
भाजपा विधायक ने भी लगाए आरोप
पानीहटी से भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने घटनास्थल का दौरा किया और आरोप लगाया कि TMC से भाजपा में शामिल हुए लोगों ने ही वहां अशांति फैलाई है.
देबनाथ ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने पहले भी कई बार दूसरों पर हमले किए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं