विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2024

प्याज, टमाटर के दाम बढ़ने से मार्च में 'वेज थाली' हुई 7% महंगी : रिपोर्ट

वहीं मांसाहारी थाली की कीमत एक साल पहले की समान अवधि में 59.2 रुपये थी जो पिछले महीने घटकर 54.9 रुपये रह गई. लेकिन फरवरी के 54 रुपये प्रति थाली की तुलना में इसकी कीमत अब भी अधिक है.

प्याज, टमाटर के दाम बढ़ने से मार्च में 'वेज थाली' हुई 7% महंगी : रिपोर्ट
मुंबई:

मुंबई, चार अप्रैल (भाषा) मार्च महीने में प्याज, टमाटर और आलू की कीमतें बढ़ने से शाकाहारी थाली सालाना आधार पर सात प्रतिशत तक महंगी हो गई. घरेलू रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की एक इकाई ने बृहस्पतिवार को यह सर्वेक्षण पेश किया.
क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिसिस ने अपनी मासिक ‘रोटी चावल दर' रिपोर्ट में कहा कि पॉल्ट्री की कीमतें घटने से पिछले महीने मांसाहारी थाली की लागत में सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

शाकाहारी थाली में रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद आता है. इस थाली की कीमत मार्च में बढ़कर 27.3 रुपये प्रति प्लेट हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 25.5 रुपये थी. हालांकि, फरवरी के 27.4 रुपये की तुलना में मार्च में शाकाहारी थाली की कीमत घटी है.

रिपोर्ट कहती है, ‘‘आवक कम होने और कम आधार दर के कारण प्याज का दाम सालाना आधार पर 40 प्रतिशत, टमाटर का दाम 36 प्रतिशत और आलू का दाम 22 प्रतिशत बढ़ने से शाकाहारी थाली महंगी हो गई है.''

रिपोर्ट के मुताबिक, कम आवक के कारण एक साल पहले की तुलना में चावल का दाम भी 14 प्रतिशत और दालों की कीमतें 22 प्रतिशत बढ़ गई हैं.

वहीं मांसाहारी थाली की कीमत एक साल पहले की समान अवधि में 59.2 रुपये थी जो पिछले महीने घटकर 54.9 रुपये रह गई. लेकिन फरवरी के 54 रुपये प्रति थाली की तुलना में इसकी कीमत अब भी अधिक है.

दरअसल ब्रॉयलर मुर्गे की कीमतों में 16 प्रतिशत की गिरावट आने से सालाना आधार पर मांसाहारी थाली की लागत घटी. मांसाहारी थाली में ब्रॉयलर का भारांक 50 प्रतिशत होता है.

हालांकि, फरवरी की तुलना में मार्च में रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत होने और अधिक मांग आने से ब्रॉयलर की कीमतें पांच प्रतिशत बढ़ गईं.
 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tomato Price, Onion Price, Veg Thali Cost, Non Veg Thali Cost, Veg Thali On Street
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com