- ओडिशा BJP युवा मोर्चा ने खरगे, सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत की है.
- BJPYM का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत का अनादर किया.
- दिल्ली में भी एक वकील ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है
वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ देश के कई इलाकों में शिकायत दर्ज करवाई गई है. भाजपा युवा मोर्चा की ओडिशा यूनिट ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ भुवनेश्वर के खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके अलावा, दिल्ली में भी सोनिया और राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
भाजपा युवा मोर्चा के ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने कहा, "पार्टी ने राष्ट्र गीत के गायन का कथित तौर पर 'अपमान' करने और बाधा डालने के लिए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है
कांग्रेस का पलटवार...
बीजेपी के तमाम तरह के आरोपों पर कांग्रेस पलटवार किया है. पार्टी ने बीजेपी के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्र गीत को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी. पार्टी ने कहा कि सोनिया गांधी केवल खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वे कुछ वक्त से खड़े थे.
इस बीच, बीजेपी की भुवनेश्वर जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी कार्यालय से मास्टर कैंटीन चौक स्थित कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस निकाला. भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के व्यवहार से देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं.
ये भी पढ़ें: हिरासत में लिए गए राहुल गांधी, दिल्ली पुलिस उठाकर ले गई; Photos
कांग्रेस मुख्यालय में जांच की मांग
एक अधिवक्ता ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में यह शिकायत दी. शिकायत के मुताबिक, 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें ‘वंदे मातरम्' गाया जा रहा था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि समारोह में मौजूद सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत का शुरुआती हिस्सा गाए जाने के बाद कुछ इशारे किए. शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इन इशारों से ऐसा मालूम पड़ा कि वे इसके आगे के गायन पर आपत्ति जता रही थीं.
बीजेपी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्' के गायन के दौरान 'पूरी तरह अनादर' दिखाया.
पिछले महीने संसद ने एक विधेयक पारित किया, जिसके तहत राष्ट्रगीत का किसी भी तरह से अपमान करना दंडनीय अपराध होगा. ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026' को राज्यसभा से मंजूरी मिलने के एक दिन बाद 30 जुलाई को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित किया गया. इस कानून के तहत ‘वंदे मातरम्' को राष्ट्रगान ‘जन गण मन' के बराबर का दर्जा दिया गया है.
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने फिलिस्तीन पर चुप्पी का लगाया आरोप, भाजपा बोली- बांग्लादेशी हिंदुओं पर क्यों हैं चुप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं