- UP MLC चुनाव में कुल 11 सीटों में से छह सीटें भाजपा ने और पांच सीटें समाजवादी पार्टी ने जीती हैं
- पश्चिमी यूपी में भाजपा का दबदबा मजबूत दिखा, जहां पांच में से चार पर भाजपा ने जीत हासिल की है
- पूर्वांचल में सपा ने बेहतर प्रदर्शन किया, वाराणसी और इलाहाबाद-झांसी जैसे क्षेत्रों में सपा ने सीटें जीतीं
उत्तर प्रदेश में विधानसभा परिषद यानी एमएलसी चुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं. यूपी की कुल 11 सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए. इसमें से 6 सीटें बीजेपी जीत गई है वहीं समाजवादी पार्टी 5 सीटें जीत गई. एमएलसी चुनाव को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है. भले ही समाजवादी पार्टी 5 सीट जीतकर मजबूत होने का दावा कर रही है, लेकिन अभी भी उसके लिए चुनौती कम नहीं है. सपा जिन सीटों पर जीती है, वो ज्यादातर पूर्वी यूपी की सीटें हैं. पश्चिमी यूपी में बीजेपी का किला अभी भी मजबूत दिखाई दे रहा है. पश्चिमी यूपी उसके लिए एक बड़ी राजनीतिक बाधा साबित हो रहा है.
पश्चिमी यूपी में बीजेपी का एकतरफा दबदबा
पश्चिमी यूपी के तीन क्षेत्रों की 5 एमएलसी सीटों पर चुनाव हुए. इनमें 4 पर बीजेपी का दबदबा कायम रहा. समाजवादी पार्टी केवल एक ही सीट जीत पाई. सपा ने जो सीट जीती वहां पहले भी निर्दलीय उम्मीदवार ही जीता था.
मेरठ-सहारनपुर: इस क्षेत्र की स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों पर बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है. स्नातक सीट पर दिनेश गोयल और शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा ने सपा उम्मीदवारों को भारी अंतर से हराया.
बरेली-मुरादाबाद: यहां की शिक्षक सीट पर भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने सपा के हाजी दानिश अख्तर को 17 हजार से अधिक वोटों के विशाल अंतर से मात दी.
आगरा: पश्चिमी यूपी के इस हिस्से में मुकाबला मिला-जुला रहा. स्नातक सीट भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीती, जबकि शिक्षक सीट पर सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल ने कब्जा जमाया. आकाश अग्रवाल पहले भी यहां से विधानपरिषद सदस्य थे. वे निर्दलीय चुनाव जीते थे और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे. इस बार अग्रवाल को सपा ने टिकट दी थी.
पूर्वांचल में सपा का अच्छा प्रदर्शन
वाराणसी: प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से सपा ने बाजी मार ली. इस अहम खंड में सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्रा को हराकर शिक्षक सीट जीत ली है. यह सीट सपा के लिए बड़ी जीत मानी जा रही है.
इलाहाबाद-झांसी: इस स्नातक सीट पर भी सपा के मान सिंह यादव ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की.
2027 के विधानसभा चुनावों के लिए इसके मायने
MLC के स्नातक और शिक्षक चुनाव मुख्य रूप से पढ़े-लिखे मध्यवर्ग, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों के मूड को दर्शाते हैं. अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले इन चुनावों को सेमीफाइनल माना जा रहा है. पश्चिमी यूपी में भाजपा की यह जीत यह साबित करती है कि इस इलाके में योगी का दबदबा बरकरार है. यूपी की सत्ता का रास्ता पश्चिमी यूपी की दर्जनों विधानसभा सीटों से होकर भी गुजरता है. लेकिन पूर्वांचल में सपा की बढ़त विपक्ष को मनोवैज्ञानिक रूप से जरूर मजबूत कर रही है. यह चुनाव यह भी दिखा रहा है कि यूपी में बीजेपी और सपा दोनों में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है.
यूपी एमएलसी में कहां से कौन जीता?
स्नातक सीट
मेरठ: दिनेश कुमार गोयल (भाजपा)
आगरा: डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (भाजपा)
इलाहाबाद-झांसी: डॉ. मान सिंह यादव (सपा)
लखनऊ: कांति सिंह (सपा)
वाराणसी: आशुतोष सिन्हा (सपा)
शिक्षक सीट
लखनऊ: उमेश द्विवेदी (भाजपा)
आगरा: डॉ. आकाश अग्रवाल (सपा)
मेरठ: श्रीचंद शर्मा (भाजपा)
बरेली-मुरादाबाद: डॉ. हरी सिंह ढिल्लो (भाजपा)
गोरखपुर-फैजाबाद: ध्रुव कुमार त्रिपाठी (भाजपा)
वाराणसी: लाल बिहारी यादव (सपा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं