विज्ञापन

'वो भेड़ की खाल में भेड़िया है'... ट्विशा के पिता ने बताया उनकी बेटी पर क्या बीत रही थी

ट्विशा शर्मा के पिता ने उनके पति और ससुराल वालों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने उनकी बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया था.

'वो भेड़ की खाल में भेड़िया है'... ट्विशा के पिता ने बताया उनकी बेटी पर क्या बीत रही थी
  • ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में उनके पिता नवनीधि शर्मा दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहे हैं
  • ट्विशा के पति समर्थ सिंह पर हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप हैं और वे जमानत अर्जी खारिज होने के बाद फरार हैं
  • नवनीधि शर्मा ने बताया कि दहेज की मांग सीधे नहीं होती बल्कि रहन-सहन और खर्चों के नाम पर दबाव डाला जाता है

ट्विशा शर्मा की मौत मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. इस केस को लेकर ट्विशा के मायके और ससुराल वालों के अलग-अलग दावे हैं. बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगा रहे ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने मध्य प्रदेश के सीएम के घर के बाहर कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. वो दोबारा पोस्टमॉर्टम करवाने की मांग कर रहे हैं. वहीं ट्विशा के पति समर्थ सिंह, जो भोपाल में वकील हैं, जमानत अर्जी खारिज होने के बाद से ही फरार हैं. नवनीधि शर्मा ने NDTV से बात करते हुए अपनी 33 साल की बेटी की मौत से जुड़ी घटनाओं के बारे में बताया. उन्होंने ने ट्विशा के पति को 'भेड़ की खाल में भेड़िया' बताया.

नवनीधि ने NDTV को बताया, "वे एक डेटिंग ऐप पर मिले थे. हमें शादी से करीब एक साल पहले इस रिश्ते के बारे में पता चला. बाद में हम सब राजी हो गए और इस रिश्ते को मंजूरी दे दी.'

'सीधे-सीधे दहेज नहीं मांगा'

ट्विशा के पति समर्थ और उनकी सास गिरिबाला सिंह पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप है. दहेज के सवाल पर, नवनीधि शर्मा ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी न किसी तरह दबाव डालना आम बात है. उन्होंने कहा, "आज के जमाने में दहेज एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल किए बिना ही लोग अलग-अलग तरीकों से इसकी मांग करते हैं. वे ऐसी परिस्थितियां पैदा कर देते हैं कि आपकी जेब से पैसे निकल ही जाते हैं. कोई भी सीधे-सीधे यह नहीं कहता कि मुझे दहेज दो."

नवनीधि शर्मा ने बताया कि मांगें अक्सर स्टैंडर्ड यानी रहन-सहन के स्तर और खर्चों के नाम पर की जाती थीं. शादी के बाद ताने कसने का सिलसिला शुरू हो गया.

उन्होंने कहा, "जब ट्विशा की नौकरी चली गई, तो उन्होंने ताने कसने शुरू कर दिए. ससुराल वाले कहते 'हम तुम्हें खाना कैसे खिलाएंगे?' ये सारी बातें सामने आने लगीं." परेशानी का पहला साफ संकेत हनीमून के दौरान ही सामने आ गया था. यह बिल्कुल शुरुआत की बात है, क्योंकि आमतौर पर शुरुआत में कोई भी आदमी इतनी अचानक से हिंसक नहीं होता. लेकिन शुरुआत में ही उसका रवैया एक अपराधी जैसी मानसिकता वाला दिखा. एक ऐसा आदमी जो हनीमून के दौरान एयरपोर्ट पर किसी बात पर गुस्सा होकर अपनी पत्नी को धक्का दे सकता है."

ट्विशा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने एक बार अपने भाई से पूछा कि क्या उसने शादी करके कोई गलत फैसला लिया है? उसके भाई ने जवाब दिया, 'नहीं, कभी-कभी कोई आदमी किसी बात पर थोड़ा ज्यादा ही भावुक या उतावला हो जाता है, इसलिए इसे ज्यादा गंभीरता से मत लो, इसे नजरअंदाज कर दो.'

ये भी पढ़ें :- MBA ग्रेजुएट, योगा ट्रेनर, मॉडल-एक्टर, क्या नहीं थी ट्विशा शर्मा? जिस तारीख को शादी... उसी दिन छोड़ गई दुनिया

'बेटी की बात को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए था'

नवनिधि शर्मा ने आगे कहा कि हमें अपनी बेटी की बात को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए था. बेटियां अपनी शादी बचाने के लिए बहुत सी चीजों को नजरअंदाज कर देती हैं. अगर आप उनका इतिहास देखें, तो उनकी पहली बहू ने भी उत्पीड़न की वजह से तलाक ले लिया था. बहुत सारे वादे किए गए थे, जो बाद में पूरे नहीं हुए.

बता दें कि ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने पति के घर पर फंदे से लटकी हुई मिली थीं. ट्विशा और उनकी मां के बीच हुए मैसेज में उनकी बढ़ती हुई परेशानी साफ झलक रही थी. 30 अप्रैल को उन्होंने लिखा, "क्यों भेजा मुझे यहां? यह यहां बात ही नहीं कर रहा है. भोपाल बुलाकर फिर से सब नाटक. मेरी जिंदगी नरक बन गई है, मम्मी." 7 मई को उन्होंने गुहार लगाई, "मां, आप मुझे यहां से लेने आजो कल, प्लीज." उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि उनके पति को अब उनकी जरूरत नहीं है और वे एक साल से उन्हें सिर्फ 'बर्दाश्त' कर रहे हैं. उन्होंने अपनी मां से अकेले आने को कहा.

ट्विशा ने अकेलेपन के बारे में भी लिखा और अपनी इस हालत के लिए अपने बुरे कर्मों को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति ने उनके बच्चे के पिता होने पर सवाल उठाया और जबरदस्ती गर्भपात करवाया. 9 मई को भेजे गए मैसेज में उन्होंने कहा, "मुझसे पूछ रहा है कि वह किसका बच्चा था, और मैं इसे नजरअंदाज कर दूं? इसने अपनी घटियापन की सारी हदें पार कर दी हैं. मैं इसके साथ कैसे रहूं?' उन्होंने अपनी मां से कहा, "मम्मी, मैं यहां रहकर पागल हो जाऊंगी. मुझसे अब यह सब और बर्दाश्त नहीं हो रहा है."

ट्विशा ने बताया कि उसके पति ने जिद की थी कि उसके पिता जमीन पर नाक रगड़कर माफी मांगें. उसने अपने पति और सास को बेरहम बताया और कहा कि उसे घुटन महसूस हो रही है. ट्विशा ने कहा, "न ये लोग मुझे रोने देंगे, न ही हंसने की कोई वजह देंगे. मैं तो बहुत बुरी तरह फंस गई हूं." अपनी आखिरी बातचीत में, ट्विशा ने कहा कि उसका किसी से भी बात करने का मन नहीं कर रहा है. उसने अपनी मां से कहा कि अगर उससे प्यार से बात की जाए, तो वह भी प्यार से ही जवाब देगी. 

यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा के पोस्टमार्टम से जुड़ा बड़ा खुलासा, आखिर पुलिस से कैसे हुई इतनी बड़ी चूक?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com