विज्ञापन

तीन दिन में तीन ट्रेनों में लगी आग, पैसेंजर से लेकर राजधानी तक शिकार, सुरक्षा पर उठे सवाल

Fire in Train: देश में तीन दिन के भीतर पैसेंजर से लेकर वीआईपी राजधानी एक्सप्रेस जैसी तीन ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं. इसने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

तीन दिन में तीन ट्रेनों में लगी आग, पैसेंजर से लेकर राजधानी तक शिकार, सुरक्षा पर उठे सवाल
राजधानी एक्सप्रेस समेत तीन दिनों में तीन अलग-अलग ट्रेनों में आग लगी
  • बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर पटना जा रही पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई, यात्रियों को कोई चोट नहीं आई
  • इससे पहले हैदराबाद के नामपल्ली स्टेशन पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर स्पेशल ट्रेन के खाली एसी कोच में अचानक आग लगी
  • राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में भी आग लगने की घटना सामने आई, रेलवे ने जांच के आदेश दिए

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आरा होते हुए पटना जाने वाले पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई. यह पहला ऐसा मामला नहीं है. तीन दिनों में यह ऐसे हादसों का तीसरा मामला है. आग की घटनाओं में देश की सबसे वीआईपी ट्रेनों में से एक राजधानी एक्सप्रेस भी शामिल है. राहत की बात यह है कि इन हादसों में किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा. बीते शुक्रवार 15 मई को हैदराबाद से शुरू हुआ ट्रेनों में आग लगने का यह सिलसिला आज बिहार के सासाराम स्टेशन तक जारी रहा. बैक-टू-बैक हुई इन तीन घटनाओं ने न सिर्फ रेलवे प्रशासन की नींद उड़ा दी है, बल्कि ट्रेन में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के मन में भी डर पैदा कर दिया है.

15 मई को हैदराबाद में लगी एक्सप्रेस ट्रेन में आग

हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर स्पेशल ट्रेन के एक खाली कोच में शुक्रवार को आग लग गई. आग एसी कोच में लगी और देखते ही देखते पास के दूसरे कोच तक फैल गई. यह घटना शाम करीब 6:45 बजे हुई. ट्रेन का निर्धारित प्रस्थान समय शाम 7:50 बजे था. रेलवे कर्मचारियों ने कोच से धुआं निकलते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई. रेलवे कर्मचारियों ने अन्य डिब्बों से यात्रियों को सुरक्षित निकाला.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर खड़ी हैदराबाद-जयपुर स्पेशल ट्रेन के एक खाली कोच में आग लगी थी. कोच के अंदर कोई यात्री मौजूद नहीं था। किसी के घायल होने की खबर नहीं है और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया. प्रभावित कोच बी1 और बी2 को ट्रेन से अलग कर दिया गया. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

राजधानी एक्सप्रेस भी आई आग की चपेट में

17 मई को तिरुवनंतपुरम सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगी थी. यह घटना मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना होने के डेढ़ घंटे बाद कोटा मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई. आग ट्रेन के बी-1 कोच में लगी थी. आग इतनी भयंकर थी कि कोच के पीछे स्थित ‘लगेज ब्रेक' और जनरेटर कार क्षतिग्रस्त हो गए. इस घटना पर  रेलवे ने हाई लेवल जांच के आदेश दिए हैं. इसके अलावा भारतीय रेलवे में कोचों में आग से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सिस्टम का विशेष ऑडिट भी शुरू किया गया है.

आज सासाराम में पैसेंजर ट्रेन में लगी आग

बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई. घटना की जानकारी मिलते ही सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया. सुबह साढ़े 5 बजे ट्रेन में आग लगने की बात सामने आई. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है. ट्रेन के इंजन की ओर से 5वें बोगी में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और ट्रेन की एक बोगी जलकर राख हो गई.

यह भी पढ़ें: Video: करिए त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्स के उस कोच का सफर जो आग में जला, भुने आलू-अधजले कपड़े और क्या बचा?

सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल: आखिर चूक कहां हुई?

तीन दिनों में ट्रेनों में हुई इन तीन आग की बड़ी घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा और मैंटेनेंस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे चिंता की बात यह है कि जो ट्रेनें आग की चपेट में आई उनमें राजधानी जैसी बेहतर माने जाने वाली ट्रेन भी शामिल है. आखिर आग लगने की वजह क्या थी? क्या कोचों की वायरिंग और इलेक्ट्रिकल फिटिंग की नियमित जांच नहीं हो रही है? अगर देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनों में शुमार 'राजधानी एक्सप्रेस' के एसी कोच सुरक्षित नहीं हैं, तो आम यात्री खुद को कहां सुरक्षित समझे? हालांकि रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि वो इन मामलों की जांच करेंगे.

यह भी पढ़ें: सासाराम से पटना जा रही पैसेंजर ट्रेन धू-धू कर जलने लगी, जान बचाने के ल‍िए इधर-उधर भगाने लगे यात्री

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fire In Train, Fire In Train Coach, Fire In Train Coaches, Fire In Train Engine, Fire In Train In Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com