विज्ञापन

8th Pay Commission: क्या 2027 में बढ़ेगी केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी? ₹18,000 से सीधे ₹46,260 हो जाएगी बेसिक सैलरी? जानें हर डिटेल

8th Pay Commission salary hike: 8वें वेतन आयोग को मई 2027 तक रिपोर्ट देनी है. जानें सरकारी कर्मचारियों की सैलरी कब बढ़ सकती है, 1 जनवरी 2026 की तारीख का मतलब और फिटमेंट फैक्टर से कैसे तय होगी नई बेसिक सैलरी.

8th Pay Commission: क्या 2027 में बढ़ेगी केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी? ₹18,000 से सीधे ₹46,260 हो जाएगी बेसिक सैलरी? जानें हर डिटेल
8th Pay Commission Latest Update: जानें कब लागू होगा 8वां वेतन आयोग और क्या है 1 जनवरी 2026 का कनेक्शन.
NDTV इंडिया

8th Pay Commission News: 8वें वेतन आयोग के गठन और इसके लागू होने की तारीख को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के मन में कई तरह के सवाल चल रहे हैं. आम तौर पर हर 10 साल पर नया वेतन आयोग लागू होता है, जिसके हिसाब से कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में बदलाव किया जाता है. चूंकि पिछला 7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से लागू हुआ था, इसलिए अगले वेतन आयोग यानी 8वें वेतन आयोग के गठन और इसकी सिफारिशों को लेकर कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 की तारीख से काफी उम्मीदें हैं.

कर्मचारियों को बढ़ी सैलरी के लिए करना होगा 2027 तक इंतजार!

हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग के तहत बढ़ी हुई सैलरी और पेंशन के लिए 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है. आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए मई 2027 तक का समय दिया गया है. हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद भी कर्मचारियों की सैलरी तुरंत बढ़ जाएगी, ऐसा जरूरी नहीं है. पहले सरकार इन सिफारिशों की जांच करेगी और फिर उन्हें लागू करने पर फैसला लेगी. ऐसे में सवाल है कि कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी कब से मिल सकती है और 1 जनवरी 2026 की तारीख का क्या मतलब है?

कब तक आएगी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?

वित्त मंत्रालय ने 3 नवंबर 2025 को एक प्रस्ताव जारी कर 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन किया था. इस आयोग की अध्यक्ष जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई हैं. वहीं, प्रोफेसर पुलक घोष को पार्ट टाइम सदस्य और पंकज जैन को सदस्य-सचिव बनाया गया है.सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, आयोग को गठन के 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें देनी हैं. इस हिसाब से रिपोर्ट जमा करने की आखिरी तारीख 3 मई 2027 है. हालांकि, 3 मई 2027 की तारीख तय समय सीमा है, यह जरूरी नहीं कि रिपोर्ट इसी दिन जारी हो. आयोग जरूरत के हिसाब से कुछ मुद्दों पर अपनी अंतरिम रिपोर्ट भी दे सकता है.

रिपोर्ट आने के तुरंत बाद नहीं बढ़ेगी सैलरी

8वां वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, भत्तों, पेंशन और दूसरी सुविधाओं की समीक्षा करेगा..आयोग की जिम्मेदारी अपनी सिफारिशें देना है. इसके बाद सरकार इन पर विचार करेगी और तय करेगी कि किन सिफारिशों को मंजूरी दी जाए. सरकार के आदेश जारी होने के बाद ही नई सैलरी और पेंशन लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.वेतन आयोग ने कर्मचारियों, पेंशनर्स, कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और सरकारी विभागों से सुझाव मांगे थे. आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इसके लिए 5 मार्च से 15 जून 2026 तक का समय दिया गया था. अब सुझाव जमा करने की यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

क्या 1 जनवरी 2026 से मिलेगा एरियर?

8वें वेतन आयोग में 1 जनवरी 2026 की तारीख काफी अहम है. सरकार ने 28 अक्टूबर 2025 को जारी प्रेस रिलीज में कहा था कि पिछले 10 साल के पैटर्न को देखते हुए आयोग की सिफारिशों का असर सामान्य तौर पर 1 जनवरी 2026 से होने की उम्मीद है. अगर सरकार सिफारिशों को इस तारीख से लागू करती है, तो कर्मचारियों को वास्तविक लागू होने की तारीख तक का एरियर मिल सकता है.

फिटमेंट फैक्टर 2.57 से कितनी बढ़ेगी सैलरी

कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी कितनी होगी, यह आयोग की ओर से सुझाए गए फिटमेंट फैक्टर और सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा. फिटमेंट फैक्टर एक मल्टीप्लायर होता है, जिससे मौजूदा बेसिक सैलरी को गुणा करके नई बेसिक सैलरी निकाली जाती है. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है और फिटमेंट फैक्टर 2.57 तय होता है, तो नई बेसिक सैलरी 46,260 रुपये होगी. 8वें वेतन आयोग से देशभर के लगभग 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा होने का अनुमान है.

2027 में कर्मचारियों को सैलरी बढ़ने की कितनी उम्मीद?

फिलहाल आयोग को मई 2027 तक रिपोर्ट देनी है. इसके बाद सरकार की मंजूरी और लागू करने के आदेश जारी होने में भी समय लग सकता है. इसलिए नई सैलरी, एरियर और लागू होने की तारीख पर अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा. इसलिए कर्मचारियों को इसके लिए आधिकारिक सरकारी नोटिफिकेशन का इंतजार करना चाहिए.

यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: रेलवे कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, ₹69,000 न्यूनतम सैलरी और 5 प्रमोशन समेत रखीं ये 5 मांगें

यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग का 1 साल पूरा, सैलरी-पेंशन से लेकर फिटमेंट फैक्टर तक पर जानिए 5 बड़े अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
8th Pay Commission News, 8th Pay Commission Implementation Date, 8th Pay Commission Salary Increase 2026, 8th Pay Commission Salary Hike, 8th Pay Commission Fitment Factor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com