विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा मोड़, आरोपी फूल सिंह निकला नाबालिग, मामला अब JJB के पास

मुंबई की विशेष MCOCA अदालत ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के आरोपी फूल सिंह को घटना के समय नाबालिग करार दिया है. अदालत ने पाया कि 18 अक्टूबर 2026 को हुई घटना के समय फूल सिंह की उम्र 18 वर्ष से कम थी.

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा मोड़, आरोपी फूल सिंह निकला नाबालिग, मामला अब JJB के पास
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में आरोपी नाबालिग घोषित
NDTV
  • मुंबई की MCOCA कोर्ट ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपी फूल सिंह को घटना के समय नाबालिग घोषित किया है
  • कोर्ट ने आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश करने और आगे की सुनवाई वहीं करने का आदेश दिया है
  • फूल सिंह की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 है, जिसे स्कूल रिकॉर्ड और जन्म प्रमाण पत्र से जांच अधिकारी ने पुष्टि की है

मुंबई की विशेष MCOCA कोर्ट ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के आरोपी फूल सिंह को घटना के समय नाबालिग करार दिया है. इसके साथ ही कोर्ट ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड को सौंपने का निर्देश दिया है.

यह फैसला फूल सिंह के पिता द्वारा दायर उस अर्जी पर सुनवाई के बाद आया, जिसमें दावा किया गया था कि 18 अक्टूबर 2026 को घटना के समय उनका बेटा 18 साल से कम उम्र का था. अदालत में प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार, फूल सिंह की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 है. जांच अधिकारी ने स्कूल रिकॉर्ड, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच कर इस जानकारी की पुष्टि की.

मामले की सुनवाई कर रहे स्पेशल जज सत्यनारायण आर. नवान्दार ने रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद माना कि घटना के समय फूल सिंह जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत नाबालिग की श्रेणी में आता था.

कोर्ट ने आदेश दिया कि आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मुंबई जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाए. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि अब उसके खिलाफ आगे की कार्यवाही और सुनवाई का फैसला JJB ही करेगा. यह आदेश 25 नवंबर 2026 को पारित किया गया.

क्या है पूरा मामला?

फायरिंग 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में की गई थी. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से आ रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए. इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था. घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की आरोपियों की तलाश में हरियाणा के सोनीपत और दिल्ली समेत कई जगहों पर छापेमारी की.

शुरुआती गिरफ्तारियों में रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन के नाम सामने आए. पुलिस ने आरोप लगाया कि इन लोगों की भूमिका फायरिंग की घटना में थी. हालांकि इस मामले में सभी आरोपियों की भूमिका और उनके बीच संबंधों की जांच अभी जारी है.

जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने हमलावरों तक हथियार पहुंचाने में मदद की थी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के लिए हथियार कहां से आए, आरोपियों के बीच किस तरह संपर्क हुआ और घटना के पीछे किसकी क्या भूमिका थी.

यह भी पढ़ें | 20 बीघा विवादित जमीन की 11 करोड़ में कराई डील, पैसे लेकर भागा; एक साल बाद मुंबई में पकड़ाया आरोपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Court Case, MCOCA Accused, MCOCA Court, Tiger Shroff Firing Case, Tiger Shroff Firing Case Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com