विज्ञापन

20 बीघा विवादित जमीन की 11 करोड़ में कराई डील, पैसे लेकर भागा; एक साल बाद मुंबई में पकड़ाया आरोपी

मई 2024 में कुछ लोगों ने कारोबारी को रुड़की के खटकहेड़ी गांव में 20 बीघा जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया. उन्हें भरोसा दिलाया गया कि जमीन खरीदने के बाद उसे दोबारा बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. इसके बाद जमीन का सौदा 11 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये में तय किया गया.

20 बीघा विवादित जमीन की 11 करोड़ में कराई डील, पैसे लेकर भागा; एक साल बाद मुंबई में पकड़ाया आरोपी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी.
NDTV
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जमीन के सौदे के नाम पर करीब 11 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को महाराष्ट्र के खोपोली से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान गुजरात के वडोदरा निवासी 42 साल के मुकेश एल. बेलानी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले एक साल से ज्यादा समय से गिरफ्तारी से बच रहा था. उसे पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था.

रुड़की की जमीन पर मुनाफे का दिया था लालच

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के कारोबारी ऋषि पाल बंसल ने रोहिणी कोर्ट में शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उत्तराखंड के रुड़की में जमीन खरीदने और बाद में उसे बेचकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनके साथ ठगी की गई.

11 करोड़ 10 लाख रुपए में खरीदी थी 20 बीघा जमीन

आरोप है कि मई 2024 में कुछ लोगों ने कारोबारी को रुड़की के खटकहेड़ी गांव में 20 बीघा जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया. उन्हें भरोसा दिलाया गया कि जमीन खरीदने के बाद उसे दोबारा बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. इसके बाद जमीन का सौदा 11 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये में तय किया गया.

पैसे लिए, एग्रीमेंट किया, बाद में पता चला जमीन विवादित

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबारी से नकद और बैंक के जरिए अलग-अलग रकम ली. जमीन के सौदे को लेकर एग्रीमेंट भी किए गए. लेकिन बाद में कारोबारी को पता चला कि जमीन विवादित है और उन्हें दिखाई गई जमीन और बेचने के लिए पेश की गई जमीन में भी अंतर था. जिस जमीन को खरीदकर दोबारा बेचने का भरोसा दिया गया था, उसका सौदा भी नहीं हुआ. आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया.

इस मामले में कोर्ट के निर्देश पर 27 मई 2025 को दिल्ली के थाना सब्जी मंडी नहीं, बल्कि थाना सुभाष प्लेस में ठगी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी. जांच के दौरान मुकेश बेलानी लगातार पुलिस से बचता रहा. बाद में कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया.

लगातार ठिकाना बदलता रहा आरोपी

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने आरोपी की तलाश में गुजरात के वडोदरा में उसके ठिकाने पर जांच की, लेकिन वह वहां नहीं मिला. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपना घर छोड़ चुका था और लगातार ठिकाने बदल रहा था.
इसके बाद तकनीकी जानकारी और लगातार निगरानी के जरिए पुलिस को आरोपी के मुंबई पहुंचने का पता चला. टीम ने उसका पीछा करते हुए मुंबई-पुणे हाईवे पर स्थित खोपोली से उसे गिरफ्तार कर लिया.

मुंबई से गिरफ्तार हुआ आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वहां अकेले रह रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए दूसरे व्यक्ति के नाम का सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहा था. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से दिल्ली लाने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है. अब उसे दिल्ली लाकर संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा.

पहले भी कर चुका था ठगी

पुलिस का कहना है कि आरोपी का ठगी करने का तरीका भी लगभग एक जैसा था. वह अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक रूप से मजबूत कारोबारियों को जमीन खरीदने और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देता था. कारोबारी से जमीन खरीदने के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपी कथित तौर पर जमीन को दोबारा बेचने का सौदा पूरा नहीं करता था और पैसे लेकर फरार हो जाता था.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में ठगी और नकली करेंसी से जुड़े चार मामलों में शामिल रहा है. गुजरात के एक मामले में उससे सात लाख रुपये की नकली करेंसी भी बरामद हुई थी.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi Crime, Delhi Crime News, Land Deal, Land Fraud Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com