विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद रैपिडो पर बैन की मांग, एक अटैकर के ड्राइवर होने पर उठ रहे सवाल

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद महाराष्ट्र में रैपिडो पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है. महाराष्ट्र कामगार सभा ने यह मांग की है. क्योंकि एक हमलावर मुंबई में लंबे समय से रैपिडो चला रहा था.

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद रैपिडो पर बैन की मांग, एक अटैकर के ड्राइवर होने पर उठ रहे सवाल
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद महाराष्ट्र कामगार सभा ने रैपिडो पर बैन की मांग (फाइल फोटो)
मुंबई:

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाला एक हमलावर रैपिडो चलाता था. ऐसे में महाराष्ट्र कामगार सभा ने रैपिडो पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. इस घटना के बाद ड्राइवरों के वेरिफिकेशन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है. बता दें कि टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाला ऋतिक मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, लेकिन वह लंबे समय से मुंबई में रहता था और रैपिडो बाइक चलाता था. रविवार की रात में उसने अपने 2 साथियों के साथ टाइगर श्रॉफ पर हमला किया था. उसके बाद तीनों मुंबई से भाग निकले, जिन्हें राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया है. 

रैपिडो पर रोक लगाने की मांग

महाराष्ट्र कामगार सभा के अध्यक्ष डॉ केशव नाना क्षीरसागर ने कहा कि इस घटना ने ड्राइवरों के वेरिफिकेशन, यात्रियों की सुरक्षा, नियमों के पालन और राज्य परिवहन विभाग के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. संगठन का आरोप है कि ड्राइवरों और यात्रियों का ठीक से वेरिफिकेशन न होने से कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. हालांकि इन आरोपों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. सभा ने महाराष्ट्र में रैपिडो की बाइक टैक्सी सेवाओं पर तुरंत प्रतिबंध लगाने और कंपनी के कामकाज की विस्तृत जांच करने की मांग की है.

रैपिडो वालों की गंभीरता से होनी चाहिए जांच

इसके अलावा पुलिस वेरिफिकेशन और बैकग्राउंड चेक को अनिवार्य करने, तथा यात्रियों के लिए पहचान की पुष्टि (आइडेंटिटी वेरिफिकेशन) और KYC प्रक्रिया लागू करने की मांग हुई है. संगठन ने कंपनी की कमाई, रोज़ाना की ट्रिप के रिकॉर्ड, यात्रियों से लिए जाने वाले किराए और GST तथा अन्य लागू कर नियमों के पालन की भी जांच करने को कहा है. उन्होंने मांग की है कि महाराष्ट्र परिवहन विभाग, आयकर विभाग और जीएसटी अधिकारी मिलकर कंपनी के कामकाज की जांच करें और एक पारदर्शी रिपोर्ट जारी करें. सभा ने यह भी कहा है कि अगर नियमों के उल्लंघन की बात साबित होती है, तो कंपनी के मालिकों, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. साथ ही, कानून के अनुसार कंपनी को ब्लैकलिस्ट भी किया जाना चाहिए.

संगठन ने बंद बुलाने की दी चेतावनी

महाराष्ट्र कामगार सभा का आरोप है कि पहले भी महिला यात्रियों के साथ कथित उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. सभा ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो उनका संगठन पूरे महाराष्ट्र में विरोध-प्रदर्शन करेगा. इसमें ऑटो-रिक्शा और कैब ड्राइवरों को शामिल करते हुए एक दिन का 'बंद' भी बुलाया जाएगा. संगठन ने कहा है कि प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और 'बंद' की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी. 

रैपिडो ने भी दी सफाई 

वहीं इस मामले में रैपिडो की तरफ से भी सफाई आई है. उनका कहना है कि मिस्टर टाइगर श्रॉफ और उनकी टीम के साथ हुई घटना को लेकर हम बेहद चिंतित हैं और हमें इस बात की राहत है कि वे सुरक्षित हैं. हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं. हमें मीडिया की उन रिपोर्टों की जानकारी है जिनमें रैपिडो प्लेटफॉर्म पर 'कैप्टन' के तौर पर रजिस्टर्ड एक व्यक्ति का जिक्र है. वह 14 अक्टूबर से हमारे प्लेटफॉर्म पर 'कैप्टन' के रूप में सक्रिय नहीं है. भारत जैसी बड़ी आबादी वाले देश में यह आम बात है कि कोई व्यक्ति एक ही समय में कई प्लेटफॉर्म्स पर रजिस्टर्ड हो सकता है. घटना वाले दिन उस व्यक्ति ने एक ग्राहक के तौर पर रैपिडो की सेवाओं का इस्तेमाल किया था. हम लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और जांच में उनका सहयोग कर रहे हैं. हमने तुरंत प्रतिक्रिया दी है और मांगी गई सभी जानकारियां उपलब्ध करा दी हैं. रैपिडो में हिंसा या आपराधिक गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है और हम आगे भी पूरा सहयोग देना जारी रखेंगे.

ये भी पढे़ंः 'बहुत बड़ा गुनाह किया है, उसे जो सजा मिले ठीक है', टाइगर पर हमले से आरोपी रेहान के पिता भी दुखी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Shroff, Tiger Shroff News, Maharashtra News, Rapido, Rapido Bike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com