रविवार की रात बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले सोनीपत के रेहान के पिता रईसुद्दीन ने इस घटना पर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि मेरे बेटे ने बड़ा अपराध किया है. उसे जो भी सजा मिले वो सही है. उसकी गिरफ्तारी सही है. रेहान के पिता ने कहा कि उसका बेटा शस्त्र अधिनियम मामले में जमानत पर अभी बाहर था.
रईसुद्दीन ने बताया कि उसके बेटे रेहान ने कई साल पहले ही घर छोड़ दिया था. वो केवल नौंवी तक ही पढ़ा लिखा था. उन्होंने बताया कि इससे पहले रेहान अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल गया था. फिलहाल वो जमानत पर बाहर था. रईसुद्दीन ने बताया कि उसे सुबह में मीडिया के जरिए टाइगर श्रॉफ पर हमले की जानकारी मिली. गौरतलब है कि राजस्थान में कोटा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग समेत संदिग्धों को सोमवार को कोटा शहर में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से हिरासत में लिया गया. वे नेपाल भागने की फिराक में थे.
यह भी पढ़ेंः लॉरेंस बिश्नोई नया दाऊद है? फिल्मी दुनिया में कब हुई अंडरवर्ल्ड की एंट्री; अमिताभ की 'दीवार' का क्या कनेक्शन
दिहाड़ी मजदूर रईसुद्दीन ने कहा कि वह करीब 10 साल से मेरे साथ नहीं रह रहा है. वह देवड़ू गांव में अपनी मां के साथ रह रहा है. कोटा पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ के अनुसार, रेहान कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सहयोगी अनिल पंडित के संपर्क में था. इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए रविवार को श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में तीन हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की. इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी कार का चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि अभिनेता पर तीन गोलियां चलाई गईं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं