प्रयागराज में उमेश पाल की पत्नी जया को अतीक के बेटे के नाम से ऑनलाइन धमकी मिली. अतीक अहमद के बेटे के जेल से बाहर आने के बाद अंजाम भुगतने की धमकी मिली. जया ने धूमनगंज थाने में इसकी शिकायत की. हिंदुस्तान में छपी खबर के अनुसार, जया ने धमकी का स्क्रीनशॉट धूमनगंज थाने दी है. पुलिस धमकी देने वालों की पहचान में जुट गई है.
प्रयागराज में 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल की दिनदहाड़े गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई थी. इसमें दो पुलिसकर्मी भी मारे गए थे. अतीक अहमद के गैंग पर हत्या का आरोप लगा था.
उमेश पाल की पत्नी की गवाही थी
इस मामले में उमेश पाल की पत्नी जया पाल की कोर्ट में मंगलवार को गवाही थी. जया पाल कोर्ट से वापस आने के बाद शाम को धूमनगंज थाने पहुंचीं. उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत की. पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुट गई.
कोर्ट में रोने लगीं जया पाल
हिंदुस्तान के अनुसार, कोर्ट में जया पाल से उनके पति उमेश पाल की हत्या के बाद शव को घटनास्थल से उठाए जाने से जुड़ा सवाल पूछा गया तो वह भावुक हो गईं. सवाल का जवाब देते समय वह फूट-फूटकर रोने लगीं, और अस्वस्थ हो गईं. इसकी वजह से आगे की बहस नहीं हो पाई, और कोर्ट ने कार्यवाही को स्थगित कर दिया. अब 11 सितंबर को अगली सुनवाई होगी.
अतीक के दो बेटे जेल में हैं
उमेश पाल की हत्या के बाद अतीक अहमद का एक बेटा असद एनकांउटर में मारा गया. अतीक और उसका भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या हो गई थी. अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है, उस पर 50 हजार रुपये का इनाम है. उसके दो बेटे उमर और अली अलग-अलग मामले में जेल में बंद है. उमर लखनऊ जेल में और अली झांसी जेल में बंद है.
यह भी पढ़ें: अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर को हाईकोर्ट से झटका, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं