उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पिछले कई दिनों से टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं. उनकी मांग है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा को पुरानी नियमावली और पात्रता शर्तों के साथ ही आयोजित किया जाए. इसके अलावा प्रभावित अभ्यर्थियों को कम से कम दो मौके देने की मांग भी हो रही है. इसी बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार इस प्रदर्शन का जिक्र किया और बड़ा ऐलान कर दिया. सीएम योगी ने भर्ती में राहत देने के संकेत दिए हैं, अगर वाकई ऐसा होता है तो यूपी के लाखों अभ्यर्थियों के लिए ये एक बड़ी खुशखबरी होगी.
सीएम योगी ने राहत देने की कही बात
मैंने माध्यमिक शिक्षा के मंत्री जी से आज कहा है कि NCTE को पत्र लिखें, प्रयागराज में कुछ युवा धरने पर बैठे हैं. हमने कहा कि एक बार के लिए उन बच्चों के लिए रीलैक्स किया जाए, उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करनी चाहिए. कुछ ऐसी व्यवस्था बना दो कि एक समय के बाद वो बच्चे उसमें अपेयर हो सकें, कोई सिस्टम तो तैयार करना चाहिए. ये जकड़ी हुई व्यवस्था, जड़ता की शिकार हुई व्यवस्था, नौजवानों के हौसलों को हमेशा ब्रेकर देने वाले लोग नहीं चाहते हैं कि कुछ अच्छा हो.
इस साल के लिए दी जा सकती है राहत
यूपी में निकल रही शिक्षक भर्ती में इस बार के लिए अभ्यर्थियों को राहत दी जा सकती है. फिर चाहे वो शिक्षा मित्रों को मिलने वाला वेटेज हो या फिर प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे टीजीटी-पीटीजी अभ्यर्थियों की मांगें हों, सभी को ये बड़ी राहत मिल सकती है. उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव हैं, ऐसे में सरकार किसी भी वर्ग को नाराज नहीं करना चाहती है. यही वजह है कि अभ्यर्थी भी सरकार पर लगातार प्रेशर बना रहे हैं.
धरना और प्रदर्शन जारी
उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थी लगातार पिछले 19 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. इनमें टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों के अलावा सहायक अध्यापक भर्ती में सीटों को बढ़ाने की मांग करने वाले अभ्यर्थी भी शामिल हैं. उनका कहना है कि 11 हजार पद कुछ भी नहीं हैं, शिक्षकों के 40 हजार से ज्यादा पद खाली हैं. ऐसे में भर्ती में पदों की संख्या को दो से तीन गुना करने की मांग हो रही है. फिलहाल योगी सरकार इन तमाम मुद्दों को सुलझाने के लिए बाचतीत कर रही है.
ये भी पढ़ें - AI ने छीनी 1.7 लाख से ज्यादा नौकरियां! अब AI बनाने वाले एक्सपर्ट ही बता रहे बड़ा खतरा...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं