विज्ञापन
This Article is From Dec 26, 2024

अलविदा मनमोहन सिंह : PM मोदी समेत देश-विदेश की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में हो गया. आज शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका निधन हो गया.

नई दिल्ली:

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली ने बृहस्पतिवार रात यह जानकारी दी. एम्स ने बताया कि 92 वर्षीय सिंह को आज शाम 'अचानक बेहोश' होने के बाद गंभीर हालत में आपातकालीन विभाग लाया गया था. उनके निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है. देश की कई मशहूर हस्तियां श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद कर रहे हैं. 

पढ़ें- मुश्किलों भरे बचपन से लेकर देश को नई ऊंचाइयां दिलाने तक, ऐसा रहा डॉ. मनमोहन सिंह का सफर

देश की राष्ट्रपति ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा है, पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन दुर्लभ राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में भी समान सहजता से काम किया. सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया. उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा. उनका निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है.' मैं भारत के सबसे महान सपूतों में से एक को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं.

पीएम मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा है- भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है. साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने. उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी. 

देश के गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा है- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है. भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई. दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ. वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया. खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘ निःसंदेह, इतिहास आपका दयालुता के साथ मूल्यांकन करेगा, डॉ. मनमोहन सिंह जी! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से, भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग सत्यनिष्ठ नेता और अद्वितीय कद का अर्थशास्त्री खो दिया है.''

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा- देश के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.

कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया. उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया.मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे.

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शोक पर व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा है, सरदार मनमोहन सिंह जी ने जो सम्मान दिया, वैसा राजनीति में कम ही लोग प्रेरित करते हैं. वे हमारे लिए प्रेरणा थे.

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा है,  पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है.वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया.उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा है- सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शोक व्यक्त किया है.

सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा है,  1991 में भारत को आर्थिक संकट से उबारने वाले, प्रख्यात अर्थशास्त्री और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिये अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है. उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व ने देश को आर्थिक प्रगति की दिशा में नई राह दिखाई.

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा है, इतिहास आपको याद ही नहीं बल्कि आपका दिवाना रहेगा सर!! देश में आर्थिक सुधारों के जनक, आर्थिक बदलाव के शिल्पकार, मजबूत शख़्सियत, महान राजनेता पूर्व प्रधानमंत्री व अभिभावक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें.

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में हो गया. आज शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका निधन हो गया.

दिल्ली एम्स की ओर से आधिकारिक बुलेटिन जारी किया गया है. दिल्ली एम्स ने एक पत्र जारी कर कहा, 'अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना दे रहे हैं. उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स की मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया. तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

VIDEO: एक दिन इतिहास मेरे साथ इंसाफ करेगा... मनमोहन सिंह की वो आखिरी प्रेस कॉफ्रेंस

मनमोहन सिंह ने दो बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया. इससे पहले भी उन्हें कई बार स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था. उनके निधन से देश ने एक महान नेता को खो दिया है, जिनके नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व आर्थिक विकास की दिशा में कदम बढ़ाए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manmohan Singh Dies, Manmohan Singh, PM Narendra Modi, Amit Shah, Rajnath Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com