- उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं है बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित लोगों की विरासत है
- शाह ने बताया कि संविधान ने सत्ता को जनता के हाथ में सौंपा और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप शासन सुनिश्चित किया
- उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है
संविधान दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय संविधान की महत्ता पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि 26 नवंबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन देश को वह दिशा मिली जिसने आजाद भारत के शासन, लोकतंत्र और जनभागीदारी की नींव मजबूत की. अमित शाह ने कहा कि संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज या किताब के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. यह उन स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और सपनों का प्रतीक है जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया.
अमित शाह का बयान
अमित शाह ने कहा, "मित्रों, 26 नवंबर को हमारे देश में एक नए युग की शुरुआत हुई थी. यह वही देश है जिसके स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी. अनेक लोगों ने हंसते-हंसते मातृभूमि की आजादी के लिए बलिदान दिया. उन सभी के सपनों और त्याग को समेटते हुए हमारे संविधान निर्माताओं ने हमें संविधान दिया." उन्होंने कहा, "संविधान को केवल ब्लैक एंड व्हाइट में लिखी एक किताब के रूप में नहीं देखा जा सकता. इसे समझने के लिए इसकी गहराई में जाना होगा. यह उन लोगों की विरासत है जिन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया."
गृह मंत्री ने कहा कि लगभग 200 से 250 वर्षों की गुलामी के दौरान भारत की सभ्यता, ज्ञान और गौरव को भारी क्षति पहुंची. "जिस भारत को कभी सोने की चिड़िया और दुनिया का ज्ञान केंद्र कहा जाता था, उसे फिर से खड़ा करने का रोडमैप संविधान निर्माताओं ने संविधान के रूप में देश के सामने रखा." उन्होंने आगे कहा, "संविधान ने यह सुनिश्चित किया कि सत्ता जनता से आएगी और जनता के माध्यम से ही चलेगी. शासन किस दिशा में आगे बढ़ेगा, इसका अधिकार भी जनता को दिया गया. संविधान का मूल भाव यही है कि सरकारें जनता की इच्छा और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करें."
अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है. उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक संविधान को मुख्य रूप से शासन चलाने के दस्तावेज के रूप में देखा गया, लेकिन इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया.
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में देश की कमान संभालने के बाद संविधान दिवस को व्यापक रूप से मनाने और संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया." संविधान निर्माण की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि इसे तैयार करने के लिए कई समितियों ने काम किया. 165 दिनों तक चली बैठकों में हजारों सुझावों और प्रस्तावों पर चर्चा हुई. लगभग 7,635 संशोधन और प्रस्ताव संविधान सभा के सामने रखे गए, जिन पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद संविधान को अंतिम रूप दिया गया.
यह भी पढ़ें | 'नक्सलवाद खत्म लेकिन विकास को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे दिमागी नक्सल', संविधान दिवस पर PM मोदी को संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं