विज्ञापन
This Article is From Sep 25, 2025

'The Ba***ds of Bollywood', आर्यन खान की वेब सीरीज पर कोर्ट क्यों पहुंचे समीर वानखेड़े? समझें पूरा मामला

IRS अधिकारी समीर वानखेड़े का यह भी कहना है कि इस सीरीज के जरिए उनकी गलत इमेज दिखाई गई है. खासकर तब जब समीर वानखेड़े और आर्यन खान से जुड़ा मामला बॉम्बे हाई कोर्ट और एनडीपीएस विशेष न्यायालय, मुंबई में लंबित और विचाराधीन है.

आर्यन खान और समीर वानखेड़े.
  • IRS अधिकारी समीर वानखेड़े ने शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज, नेटफ्लिक्स के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है.
  • समीर वानखेड़े का आरोप है कि वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में उनकी भ्रामक छवि प्रस्तुत की गई है.
  • समीर वानखेड़े ने इस मामले में दो करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है, जो कैंसर हॉस्पिटल को दान किए जाएंगे.
नई दिल्ली:

अक्टूबर 2021 में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के ड्रग्स केस में पकड़ कर सुर्खियों में आए IRS अधिकारी समीर वानखेड़े एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार चर्चा की वजह समीर वानखेड़े का कोर्ट पहुंचना है. उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान के स्वामित्व वाली कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के साथ-साथ OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है.

रेड चिलीज की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड पर विवाद

  • समीर वानखेड़े ने यह केस नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के रिलीज होने के बाद किया है. उनका कहना है कि इस वेब सीरीज का एक सीन झूठा, दुर्भावनापूर्ण और बदनाम करने वाला है, जो रेड चिलीज ने बनाया है.
  • मालूम हो कि यह वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड', एक व्यंग्यात्मक सीरीज है, जिसका निर्माण, सह-लेखन और निर्देशन आर्यन खान ने नेटफ्लिक्स के लिए किया है. इसमें बॉबी देओल सहित अन्य कलाकार हैं.
  • समीर वानखेड़े ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि यह सीरीज नशीली दवाओं के खिलाफ प्रवर्तन एजेंसियों का भ्रामक और नकारात्मक चित्रण करती है, जिससे कानून प्रवर्तन संस्थानों में जनता का विश्वास कम होता है.
Latest and Breaking News on NDTV

समीर वानखेड़े बोले- उनकी गलत इमेज दिखाई गई

IRS अधिकारी समीर वानखेड़े का यह भी कहना है कि इस सीरीज के जरिए उनकी गलत इमेज दिखाई गई है. खासकर तब जब समीर वानखेड़े और आर्यन खान से जुड़ा मामला बॉम्बे हाई कोर्ट और एनडीपीएस विशेष न्यायालय, मुंबई में लंबित और विचाराधीन है.

'सत्यमेव जयते' का नारा लगाने वाला सीन आपत्तिजनक

समीर वानखेड़े की शिकायत में यह भी कहा गया है कि 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में एक सीन बेहद आपत्तिजनक है, जिसमें एक किरदार 'सत्यमेव जयते' का नारा लगाने के बाद उंगली से अभद्र इशारा करता है. यह हरकत 1971 के नेशनल ऑनर एक्ट का गंभीर उल्लंघन है, जो कानूनी सजा का कारण बन सकती है.

समीर वानखेड़े ने अपनी शिकायत में कहा कि 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' का कंटेंट आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कई नियमों का उल्लंघन करता है.

समीर वानखेड़े ने अपनी शिकायत में 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, जो टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल को कैंसर मरीजों के इलाज के लिए दान कर दिए जाएंगे.

2021 में ड्रग्स केस में आर्यन को समीर वानखेड़े ने किया था गिरफ्तार

उल्लेखनीय हो कि 2021 में आर्यन खान का ड्रग्स केस कई दिनों तक सुर्खियों में बना था. इस मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आर्यन खान सहित 6 अन्य को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था. तब आर्यन खान को 22 दिन जेल में बिताना पड़ा था. उन्हें 31 अक्टूबर को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

इस पूरे विवाद में कई सुर्खियां बनीं, और उनमें से कई थीं, जिनमें शाहरुख के बेटे को 30 अक्टूबर को उनकी रिहाई के लिए अदालत का ज़मानत आदेश मुंबई की आर्थर रोड जेल तक समय पर न पहुंचने के कारण एक अतिरिक्त रात जेल में बिताने के लिए मजबूर होना शामिल था.

बाद में समीर वानखेड़े ही जांच के दायरे में आए

बाद में यह मामला सीबीआई में पहुंचा. सीबीआई ने समीर वानखेड़े से पूछताछ भी की. ड्रग्स केस में आर्यन खान की गिरफ्तारी के मामले में बाद में समीर वानखेड़े ही जांच में दायरे में आ गए. अभी यह मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में चल ही रहा है. इस बीच आर्यन के डायरेक्शन में बनी वेबसीरीज के कारण यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है.

यह भी पढ़ें - आर्यन खान की वेब सीरीज के खिलाफ समीर वानखेड़े ने दर्ज किया केस, जानें क्यों मांग रहे 2 करोड़ का हर्जाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sameer Wankhede, Sameer Wankhede  case, Aryan Khan Web Series, The Bads Of Bollywood, The Bads Of Bollywood Aaryan Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com